अंबिकापुर, 26 नवंबर 2026: म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बैंक पासबुक भी जब्त की है। जिन म्यूल खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी में हुआ है, उनके खिलाफ आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में ऑनलाइन शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूची और पुलिस मुख्यालय रायपुर से मिले निर्देशों के तहत म्यूल अकाउंट धारकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि संबंधित म्यूल खाते के खिलाफ साइबर पुलिस पोर्टल पर विभिन्न राज्यों में ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं और अवैध राशि प्राप्त करने के लिए सिम व बैंक खाते का षड्यंत्रपूर्वक उपयोग किया गया है। इस पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 626/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी विकास लकड़ा पिता सुरेश लकड़ा (उम्र 40 वर्ष), निवासी लक्ष्मीपुर तेन्दुपारा, अंबिकापुर, थाना मणीपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जुलाई-अगस्त 2024 में फेसबुक पर पांच रुपये के ‘ट्रैक्टर छाप’ नोट के बदले एक लाख रुपये मिलने के विज्ञापन के झांसे में वह आ गया था। इसके बाद खुद को आरबीआई (RBI) से बताने वाले एक अज्ञात कॉलर के कहने पर उसने अगस्त 2024 में पंजाब नेशनल बैंक और सितंबर 2024 में केनरा बैंक में खाते खुलवाए।
आरोपी ने दोनों खातों में सामने वाले द्वारा दिया गया मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड कराया और वेरिफिकेशन के नाम पर दोनों बैंकों के एटीएम कार्ड कूरियर के जरिए भिवाड़ी (राजस्थान) के पते पर भेज दिए। बाद में संपर्क बंद होने पर उसने खातों में अपना नंबर जुड़वा लिया। विवेचना के दौरान आरोपी के पास से दोनों बैंकों की पासबुक जब्त की गई हैं। अपराध प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक सियाराम मरावी, प्रधान आरक्षक सदरक लकड़ा और आरक्षक प्रवीण खलखो सक्रिय रहे।
Disclaimer
वेब पोर्टल पर लगी सभी खबरों (फोटो, वीडियो, ऑडियो, कंटेंट) की पूर्ण जिम्मेदारी खबर भेजने वाले संवाददाता की ही होगी। संवाददाता की खबर से जुड़ी किसी भी प्रकार की वैधानिक कार्यवाही हेतु संवाददाता ही जिम्मेदार होंगे। अतः खबर की सत्यता की जांच करने के पश्चात ही खबर भेजें। वेब पोर्टल के प्रधान संपादक व संपादक इस हेतु जिम्मेदार नहीं होंगे।
संपादक: मोहम्मद गयासुद्दीन 7089858854
सह संपादक: निजामुद्दीन खान 9977896417
