बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नशीली कफ सिरप सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़, मुख्य सप्लायर झारखंड से गिरफ्तार

Deshkibaat24
3 Min Read

कुसमी /बलरामपुर-रामानुजगंज : नशीली दवाओं के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुसमी थाना पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नशीली कफ सिरप की बिक्री करने वाले गिरोह की कड़ियों को जोड़ते हुए झारखंड से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर शुरू हुई कार्रवाई
मामले का खुलासा 16 मार्च 2026 को हुआ, जब कुसमी पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई कि कुसमी निवासी आसिफ अंसारी उर्फ बबलू अवैध रूप से नशीली कफ सिरप लेकर क्षेत्र में बिक्री की फिराक में घूम रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया और उनके निर्देशन में तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर मेन रोड कुसमी स्थित एकलव्य स्कूल के पास घेराबंदी की और संदेही आसिफ अंसारी उर्फ बबलू को धर दबोचा।
पहले आरोपी से बरामदगी और खुलासा
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से ‘Wings’ कंपनी की Codeine Phosphate & Triprolidine Hydrochloride Syrup (ONEREX) की कुल 13 शीशियां (प्रत्येक 100 ml, कुल 1300 ml) बरामद की गईं, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹2,619.50 है।
कफ सिरप के परिवहन और बिक्री के संबंध में जब आरोपी से वैध कागजात मांगे गए, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 21(C) के तहत मामला दर्ज कर आसिफ अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
तार खंगालते हुए झारखंड पहुंचा जांच का दायरा
मामले की गहन विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपी आसिफ अंसारी से पूछताछ की गई और प्राप्त साक्ष्यों की तकनीकी जांच की गई। जांच में यह बात सामने आई कि वह मोबाइल के जरिए झारखंड से नशीली कफ सिरप की खेप मंगवाता था।
इस अवैध कारोबार के मुख्य सप्लायर के रूप में दामोदर प्रसाद (पिता स्व. रामलखन साव उर्फ लखन साव, उम्र 59 वर्ष), निवासी बस स्टैंड रोड महुआडाड़, थाना महुआडाड़, जिला लातेहार (झारखंड) की संलिप्तता उजागर हुई।
मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
साक्ष्य पुख्ता होने के बाद कुसमी पुलिस की टीम ने महुआडाड़ (झारखंड) में दबिश देकर आरोपी दामोदर प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। सम्पूर्ण विवेचना और पर्याप्त सबूतों के आधार पर आरोपी दामोदर प्रसाद के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाइयां जारी रहेंगी।

Share This Article
Leave a comment