शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे का विरोध करने पर सरपंच व पंचों से मारपीट, बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

Deshkibaat24
4 Min Read
Oplus_16908288

विशेष संवादाता मोहिबुल हसन (लोलो)
सूरजपुर : जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी लटोरी के कल्याणपुर गांव में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर गंभीर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत कल्याणपुर के शासकीय खसरा नंबर 2416 (रकबा 1.70 हेक्टेयर) की जमीन पर अवैध निर्माण रोकवाने गए सरपंच और ग्राम पंचों के साथ आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी गोवर्धन सिंह मरकाम (उम्र 56 वर्ष, निवासी कल्याणपुर करेरापारा, चौकी लटोरी, थाना जयनगर) जो कि ग्राम पंचायत कल्याणपुर के सरपंच हैं, ने 5 सितंबर 2026 को थाने में उपस्थित होकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला?
सरपंच गोवर्धन सिंह मरकाम ने अपनी शिकायत में बताया कि 4 सितंबर 2026 को उन्हें सूचना मिली थी कि गांव के मुख्य मार्ग के किनारे स्थित शासकीय भूमि (खसरा नंबर 2416) के लगभग 01 डिसमिल हिस्से पर सुरेश रवि द्वारा अवैध रूप से ईंट का मकान बनाकर कब्जा किया जा रहा है।
सूचना मिलने के बाद, 5 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे सरपंच गोवर्धन सिंह मरकाम, उप सरपंच पति रामधनी राजवाड़े, पंच श्यामसाय, समरथ रवि, बाबूलाल, राजेंद्र जायसवाल, माखन जायसवाल, रामेश्वर उईके, समर्थन राम, पवन सिंह सहित गांव के अन्य गणमान्य नागरिकों को साथ लेकर मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचकर देखा गया कि सुरेश रवि (पिता दिलबंधु), राजकुमार (पिता दिलबंधु), बसंत (पिता प्रेम रवि), दुर्गावती (पति बसंत), अनिता (पति रमेश रवि), रमेश रवि (पिता दिलबंधु), धनेश्वरी रवि (पति दिलबंधु) और दिलबंधु (पिता कासिम) अन्य मजदूरों के साथ मिलकर अवैध निर्माण कार्य कर रहे थे।
विवाद और मारपीट
जब सरपंच और साथ गए पंचों ने उक्त लोगों को समझाते हुए कहा कि यह शासकीय भूमि है और इस पर निर्माण कार्य न करें, तो आरोपी आक्रोशित हो गए। आरोप है कि सभी आरोपियों ने एक राय होकर गाली-गलौज शुरू कर दी और कहा कि “तुम लोग मना करने वाले कौन होते हो, यहां से भाग जाओ नहीं तो जान से मारकर खत्म कर देंगे।”
इसी दौरान दिलबंधु फावड़ा लेकर प्रार्थी को मारने दौड़ा। इसके बाद सुरेश और राजकुमार दोनों ने मिलकर सरपंच का गला पकड़ लिया और हाथ-मुक्के से मारपीट व धक्का-मुक्की करने लगे। इस दौरान सरपंच का कुर्ता फट गया और वे जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनके सिर के पीछे और पीठ में अंदरूनी चोटें आईं। घटना के बाद ग्रामीणों एवं पंचों के बीच-बचाव करने पर आरोपी शांत हुए।
पुलिस कार्रवाई
सरपंच गोवर्धन सिंह मरकाम का इलाज कराने के पश्चात लटोरी चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 190, 191(2), 296, 351(3), 115(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
प्रार्थी के अनुसार आरोपी राजकुमार रवि ने पहले भी शासकीय जमीन पर रोड किनारे कल्याणपुर मार्केट के पास अवैध कब्जा किया है, जिससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना में जुट गई है।
संक्षेप में घटना विवरण:
घटना स्थल: ग्राम कल्याणपुर (करेरापारा), चौकी लटोरी, थाना जयनगर, जिला सूरजपुर (छ.ग.)
घटना की तिथि व समय: 05.09.2026, समय दोपहर लगभग 12:30 बजे
शिकायतकर्ता: गोवर्धन सिंह मरकाम (सरपंच, ग्राम पंचायत कल्याणपुर)
नामजद आरोपी: सुरेश रवि, राजकुमार, बसंत, दुर्गावती, अनिता, रमेश रवि, धनेश्वरी रवि, दिलबंधु एवं अन्य।
दर्ज धाराएं (BNS): 190, 191(2), 296, 351(3), 115(2)

Share This Article
Leave a comment