4 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान: ट्रक मालिकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल 5वें दिन भी जारी, कांग्रेस ने दी हिंडाल्को को माइनिंग ठप करने की अल्टीमेटम

Deshkibaat24
4 Min Read

बलरामपुर-रामानुजगंज : जिले के कुसमी स्थित गोपातु मोड़ पर पिछले पांच दिनों से जारी ट्रक मालिकों का अनिश्चितकालीन आंदोलन अब उग्र रूप लेता नजर आ रहा है। हिंडाल्को की ट्रांसपोर्टिंग कंपनी GNC द्वारा कथित तौर पर बकाया 4 करोड़ रुपये का भुगतान न किए जाने को लेकर ट्रक संघ अड़ा हुआ है। इस बीच, कांग्रेस पार्टी ने ट्रक मालिकों की मांगों का पुरजोर समर्थन करते हुए कंपनी प्रबंधन को दो दिनों की सख्त चेतावनी दी है। कांग्रेस ने साफ किया है कि यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर बकाये का निपटारा नहीं किया गया, तो हिंडाल्को की माइनिंग गतिविधियों को पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा।
आर्थिक संकट से जूझ रहे ट्रक संचालक
ट्रक संघ के अध्यक्ष पुनीत गुप्ता ने आरोप लगाया कि GNC कंपनी की कार्यशैली से ट्रक मालिक लंबे समय से परेशान हैं। कभी चार से छह महीने तक भुगतान रोक दिया जाता है, तो कभी श्रमिकों की मजदूरी अटका दी जाती है। महीनों तक भुगतान न मिलने के कारण अब चालकों और मालिकों के सामने गहरा आर्थिक संकट पैदा हो गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रक संघ उनका साथ देने वाले हर वर्ग के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर उठे सवाल
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीश मिश्रा ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की उदासीनता पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भाजपा के सांसद चिंतामणि महाराज, स्थानीय विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष होने के बावजूद पांच दिनों से जारी इस हड़ताल की सुध लेने कोई अधिकारी या जनप्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा। मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में ‘ट्रिपल इंजन’ की सरकार होने के बाद भी जमीनी स्तर पर जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
कांग्रेस का अल्टीमेटम: दो दिन में भुगतान नहीं तो घेराव
प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव ने हिंडाल्को के जीएम को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल भुगतान की मांग की। पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से ट्रक ओनर्स के हक की लड़ाई लड़ती आई है और आगे भी उनके हर फैसले में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी। नेताओं ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि दो दिनों में मांग पूरी नहीं हुई, तो कंपनी का घेराव कर उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।
आंदोलन स्थल पर प्रमुख नेताओं का जमावड़ा
आंदोलन को समर्थन देने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का भारी जमावड़ा रहा। मौके पर प्रमुख रूप से:
जिला व ब्लॉक नेतृत्व: हरिहर प्रसाद यादव, केपी सिंह देव, डॉ. प्रीतम राम, लाल साय मिंज, जितेंद्र गुप्ता, संस्कृति, सुनील गुप्ता, विश्वजीत सिंह, राजू पैकरा, हरीश मिश्रा, राजेंद्र भगत, अब्दुल्ला खान, नीरज तिवारी, समीर सिंह, खसरू बुनकर, महफूज अंसारी, सलमान अंसारी।
वर्तमान में गोपातु मोड़ पर गतिरोध बरकरार है। अब देखना यह होगा कि दो दिनों के अल्टीमेटम के बाद GNC कंपनी बकाया राशि का भुगतान करती है या फिर क्षेत्र में हिंडाल्को का खनन कार्य पूरी तरह ठप हो जाएगा।

Share This Article
Leave a comment