अंबिकापुर : सरगुजा जिले में विशेष पिछड़ी जनजातियों के सर्वांगीण विकास और उन्हें शासन की मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री जनमन (प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान) आवास योजना जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले पात्र परिवारों के जीवन में अभूतपूर्व बदलाव ला रही है। इस योजना के माध्यम से ऐसे परिवार, जो वर्षों से कच्चे एवं असुरक्षित आवासों में जीवनयापन करने को मजबूर थे, अब पक्के और सम्मानजनक आवास में रहने का अपना सपना साकार कर रहे हैं।
सरगुजा जिले के मैनपाट विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कलजीवा के निवासी मनबहाल पहाड़ी कोरवा भी इस योजना से लाभान्वित होने वाले विशेष लाभार्थियों में शामिल हैं। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत उन्हें पक्का मकान स्वीकृत हुआ, जिसके निर्माण के बाद अब उनका परिवार सुरक्षित और सुविधायुक्त घर में रह रहा है। मनबहाल के परिवार में पति-पत्नी दो सदस्य हैं।
कच्चे मकान की चुनौतियों से मुक्ति
पूर्व के दिनों को याद करते हुए मनबहाल बताते हैं कि पहले उनका कच्चा मकान बरसात, तेज हवाओं और अन्य प्रतिकूल मौसमों के दौरान बेहद असुरक्षित हो जाता था। हर वर्ष बारिश की शुरुआत से पहले घर की मरम्मत करनी पड़ती थी और हमेशा किसी न किसी अनहोनी की आशंका बनी रहती थी।
प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत पक्का आवास मिलने से अब उनका जीवन पूरी तरह बदल चुका है। मजबूत छत और सुरक्षित दीवारों वाले घर ने उन्हें न केवल प्राकृतिक आपदाओं व मौसम की मार से सुरक्षा प्रदान की है, बल्कि सम्मानपूर्वक जीवन जीने का आत्मविश्वास भी दिया है। अब उन्हें बारिश या तूफान की चिंता नहीं सताती और वे अपने नए घर में एक स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण में जीवनयापन कर रहे हैं। पक्का आवास मिलने से उनके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
महतारी वंदन योजना से मिला दोहरा लाभ
मनबहाल पहाड़ी कोरवा के परिवार को शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का भी निरंतर लाभ मिल रहा है। उनकी पत्नी को महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता नियमित रूप से प्राप्त हो रही है। यह राशि परिवार की दैनिक आवश्यकताओं, घरेलू खर्चों तथा छोटी-छोटी जरूरतों को बिना किसी पर निर्भर रहे पूरा करने में बेहद सहायक सिद्ध हो रही है। इस नियमित वित्तीय मदद से परिवार को बड़ा आर्थिक संबल मिला है, जिससे उनका दैनिक जीवनयापन पहले की तुलना में काफी सहज और सुगम हो गया है।
शासन की नीतियों के प्रति जताया आभार
पेशे से मजदूरी का कार्य करने वाले मनबहाल पहाड़ी कोरवा ने बताया कि शासन की इन योजनाओं ने उनके परिवार की जीवनशैली और दिशा दोनों बदल दी है। जहाँ पहले कच्चे मकान में हर दिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, वहीं अब पक्के मकान ने उन्हें एक स्थाई और सुरक्षित आशियाना दे दिया है। इसके साथ ही महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि परिवार के छोटे-मोटे खर्चों को संभालने में बहुत उपयोगी साबित हो रही है।
जनहितैषी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की यह कल्याणकारी नीतियां वास्तव में अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंदों और दूरस्थ क्षेत्रों में निवास करने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों तक पहुँच रही हैं, जिससे उनके जीवन में सुरक्षा, स्वाभिमान और आर्थिक मजबूती का नया सवेरा आया है।
पीएम जनमन आवास योजना से मनबहाल पहाड़ी कोरवा का जीवन हुआ सुरक्षित और सम्मानजनक
Leave a comment
Leave a comment

