October 12, 2026
IMG-20260721-WA0009.jpg

बलरामपुर-रामानुजगंज :  जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत राधानगर (चितामांदा पारा) में पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर एक दर्दनाक हत्या का मामला सामने आया है। स्कूल पढ़ाने जा रहे शिक्षक की रास्ते में घेराबंदी कर चाकू और हथौड़े से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के 24 घंटे के भीतर दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी जय सिंह जगते (35 वर्ष, निवासी राधानगर) ने त्रिकुंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका और उनके परिवार का हरिमोहन जगते के साथ काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
20 जुलाई 2026 को जय सिंह जगते का बड़ा भाई जयकरण जगते अपनी मोटरसाइकिल से धमनी स्थित स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के लिए निकला था। जैसे ही वह अपने बथान के पास पहुंचा, पूर्व से घात लगाए बैठे हरिमोहन जगते और बृजमोहन जगते दौड़ते हुए आए और जमीन विवाद की बात को लेकर उसकी मोटरसाइकिल रोक ली।
रास्ते से खींचकर किया जानलेवा हमला
आरोपियों ने जयकरण जगते को गाड़ी से खींचकर सड़क किनारे ले गए और उन पर चाकू तथा हथौड़े से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोटें आने के कारण जयकरण जगते की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही त्रिकुंडा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। प्रार्थी जय सिंह जगते की रिपोर्ट पर त्रिकुंडा थाने में अपराध क्रमांक 56/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (2), 3, (5) के तहत मामला पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और संक्षिप्त समय में दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया:
बृजमोहन जगते (निवासी ग्राम राधानगर, थाना त्रिकुंडा)
हरिमोहन जगते (निवासी ग्राम राधानगर, थाना त्रिकुंडा)
बरामदगी: पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा और चाकू जप्त कर लिया है।
21 जुलाई 2026 को दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर रामानुजगंज न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News