निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी

Deshkibaat24
4 Min Read

बलरामपुर : कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा (टीएल) बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, स्वास्थ्य सेवाओं, खाद-बीज की उपलब्धता, निर्माण कार्यों और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं में प्रगति लाने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्राथमिकताओं में शीर्ष पर
कलेक्टर ने कहा कि सुशासन (गुड गवर्नेंस) को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का संचालन किया जा रहा है। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे शिकायतों की सतत मॉनिटरिंग कर उनका त्वरित और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करें। आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए विभागवार एल-1 से लेकर एल-4 तक के अधिकारियों की मैपिंग की गई है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं
निर्माण एजेंसियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। संबंधित विभागों को जमीनी स्तर पर नियमित निरीक्षण करने और समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और अप्रारंभ कार्यों को तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए।
कालाबाजारी पर होगी एफआईआर
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान समितियों में खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर अधिकारियों को कड़े निरीक्षण के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि किसानों को समय पर खाद-बीज मिलना सुनिश्चित किया जाए। यदि कहीं भी खाद-बीज की कालाबाजारी अथवा अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही एग्रीस्टेक पंजीयन कार्य में तेजी लाने को कहा गया।
मानसून पूर्व स्वास्थ्य तैयारियां
आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर के नियमित संचालन और अधिकारियों को फील्ड भ्रमण करने को कहा। उन्होंने मौसमी बीमारियों और सर्पदंश से बचाव व उपचार के संबंध में जागरूकता फैलाने के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए, विशेषकर पीवीटीजी और पंडो बाहुल्य क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा गया है।
महिला बाल विकास एवं अन्य योजनाएं
बैठक में महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराने और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत पात्र महिलाओं को लाभान्वित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन निर्धारित समय पर करने तथा पीएम सूर्य घर योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया। इसके अलावा, बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक आधार अपडेट को शत-प्रतिशत पूरा करने और सभी विभागों को मानसून पूर्व आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a comment