October 11, 2026
IMG-20260508-WA0013.jpg

विश्रामपुर : सूरजपुर जिले की विश्रामपुर पुलिस ने रिहायशी इलाके में हुई चोरी और वाहन चोरी की वारदातों पर लगाम कसते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने न केवल ऑफिसर कॉलोनी के एक सूने मकान को निशाना बनाया था, बल्कि सूरजपुर और अम्बिकापुर से दो मोटरसाइकिलें भी पार की थीं।
ड्यूटी पर गई डॉक्टर के घर को बनाया था निशाना
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि टू-ए ऑफिसर कॉलोनी निवासी डॉ. शुभांगी वर्मा ने 7 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 6 अप्रैल की रात जब वह इमरजेंसी ड्यूटी पर अस्पताल गई थीं, तब अज्ञात चोर ने उनके क्वार्टर नंबर 39 का ताला तोड़कर अलमारी में रखे 40 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 331(4) और 305(ए) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घटना वाली रात शिवनंदनपुर निवासी आदित्य साहनी (19 वर्ष) इलाके में संदिग्ध हालत में घूम रहा था और तब से ही फरार है। 7 मई को पुलिस को खबर मिली कि वह चोरी की एक अपाचे बाइक के साथ विश्रामपुर में देखा गया है, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में खुले कई राज: अम्बिकापुर और तिलसिवां से चुराई थी बाइक
कड़ी पूछताछ में आरोपी आदित्य साहनी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि:
तिलसिवां (सूरजपुर): 22 अप्रैल को उसने एक सफेद रंग की यामाहा FZS चोरी की थी, जिसे पेट्रोल खत्म होने पर विश्रामपुर ओवरब्रिज के पास लावारिस छोड़ दिया था।
अम्बिकापुर: 3 मई को उसने गंगापुर कन्या परिसर से एक अपाचे बाइक चुराई थी, जिसे वह स्वयं इस्तेमाल कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 7,500 रुपये नकद, घटना में इस्तेमाल लोहे का राड और अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की है।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में विश्रामपुर थाना प्रभारी प्रकाश राठौर, एएसआई अशोक साहू, प्रधान आरक्षक जयप्रकाश तिवारी, निलेन्द्र द्विवेदी, सोहरलाल पावले, निर्मल सिंह, पुष्पा रवि और आरक्षक खेलसाय राजवाडे, उमेश राजवाडे सहित पूरी टीम की सक्रिय भूमिका रही।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपी किसी बड़े गिरोह का हिस्सा है या उसने अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News