
सूरजपुर: जिले के भटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवानी भूमिगत खदान में हुई सनसनीखेज चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने हथियारों के दम पर सुरक्षा गार्डों को डराकर खदान से लाखों रुपये का कॉपर केबल पार कर दिया था। पकड़े गए आरोपियों में खदान के भीतर की जानकारी देने वाला एक निजी ठेकेदार का कर्मचारी भी शामिल है।
हथियारों के डर से नहीं रोक पाए सुरक्षा गार्ड
घटना 20 अप्रैल 2026 की है। शिवानी भूमिगत खान के प्रबंधक चन्द्रकांत सोनवानी द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, सुबह के वक्त प्रतिबंधित क्षेत्र में कुछ अज्ञात आरोपी तलवार, तब्बल और टांगी जैसे घातक हथियारों के साथ खदान के मुहाने के अंदर घुस आए। आरोपियों ने आईडीएलई स्पेयर में रखा करीब 70 मीटर तांबे का कॉपर केबल काट लिया।
ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्डों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने हथियारों का भय दिखाया। जान जाने के डर से गार्ड मूकदर्शक बने रहे, जिसका फायदा उठाकर आरोपी केबल लेकर फरार हो गए। यह पूरी वारदात खदान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
पुलिस की सक्रियता और सीसीटीवी से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी और एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी और माल बरामदगी के निर्देश दिए थे। थाना प्रभारी भटगांव मनोज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विवेचना शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस ने कुम्दा बस्ती निवासी नरेन्द्र सिंह उर्फ पण्डा को संदेह के घेरे में लिया और दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।
अंदरूनी कर्मचारी ने रची थी साजिश
पुलिसिया पूछताछ में नरेन्द्र सिंह ने अपना जुर्म स्वीकार किया और बताया कि चोरी की योजना में खदान के भीतर सक्रिय एक मुखबिर का हाथ था। खदान में निजी ठेकेदार के पास काम करने वाले धनु सिंह ने केबल की सही लोकेशन और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी गिरोह को दी थी।
नरेन्द्र की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल के किनारे छिपाकर रखा गया 2 लाख 50 हजार रुपये मूल्य का 70 मीटर कॉपर केबल बरामद किया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल तलवार और तब्बल भी जप्त किए गए हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों का विवरण
पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है:
नरेन्द्र सिंह उर्फ पण्डा (25 वर्ष), निवासी कुम्दा बस्ती
रवि उर्फ चरण अगरिया (22 वर्ष), निवासी ग्राम कसकेला
कमलेश सिंह (22 वर्ष), निवासी कुम्दा बस्ती
घुरलू उर्फ घुल्डू पैंकरा (25 वर्ष), निवासी ग्राम कसकेला
बल्लू सिंह (28 वर्ष), निवासी कुम्दा बस्ती
दिनेश सिंह (26 वर्ष), निवासी कुम्दा बस्ती
धनु (35 वर्ष), निवासी ग्राम बंशीपुर (मुखबिर/सहयोगी)
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस कार्यवाही में एएसआई राजकिशोर खलखो, सिक्योरिटी ऑफिसर नागेंद्र सिंह और थाना भटगांव का स्टाफ सक्रिय रहा। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 307, 3(5) बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

