
करवां दुर्गा साहू _ हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर ग्राम करवां में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। दक्षिण मुखी श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में आयोजित विशेष पूजा-अर्चना और भव्य शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बजरंगबली का आशीर्वाद लिया।
सुंदरकांड के पाठ से गूंज उठा मंदिर परिसर
उत्सव की शुरुआत सुबह मंदिर में विशेष पूजन और आरती के साथ हुई। पंडित सुशांत दुबे के सानिध्य में सभी धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न कराए गए। इस अवसर पर जय श्री राम मानस मंडली करवां द्वारा सुंदरकांड का सस्वर पाठ किया गया। पाठ के दौरान महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की सामूहिक स्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
निकाली गई भव्य शोभायात्रा
हनुमान जन्मोत्सव को यादगार बनाने के लिए श्री सिद्धिविनायक नवयुवक गणेश पूजन समिति के सदस्यों द्वारा एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर पड़की पारा स्कूल ग्राउंड तक पहुंची। शोभायात्रा में शामिल युवा और ग्रामीण ‘जय श्री राम’ और ‘जय बजरंगबली’ के गगनभेदी नारे लगाते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र केसरिया रंग में रंगा नजर आया।
विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण
धार्मिक कार्यक्रमों के पश्चात मंदिर परिसर और शोभायात्रा के समापन स्थल पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। समापन स्थल पर दशरथ सिंह, टिकेश राजवाड़े एवं रामू राजवाड़े की टीम के नेतृत्व में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
आयोजन के दौरान भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। लटोरी चौकी पुलिस की टीम हर चौक-चौराहे पर मुस्तैद रही, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इनका रहा विशेष योगदान
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में दिनेश सिंघल, अमरसाय राजवाड़े, सत्यनारायण सिंघल, नंदकिशोर कुशवाहा, सुनील कुशवाहा, दुर्गा साहू, नरेश गुप्ता, राकेश गुप्ता, सुशील कुशवाहा, नीरज कुशवाहा, किशन कुशवाहा, संजोग कुशवाहा, संदीप कुशवाहा, वैभव कुशवाहा, आयुष, नितिन, राज, निशांत, नितेश, विकास, आदित्य गुप्ता, माखन कुशवाहा, सुबंश राजवाड़े, होल साय देवांगन सहित समिति के सभी सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।

