टमाटर की फसल खाने पर विवाद: सरगुजा में युवक पर टांगी से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

Deshkibaat24
3 Min Read

उदयपुर/ जिला सरगुजा के थाना उदयपुर अंतर्गत चौकी केदमा पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महज बकरी द्वारा टमाटर की फसल चरने जैसी छोटी सी बात पर आरोपी ने अपने पड़ोसी पर टांगी (कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेण्डरखी निवासी सुसेन ने चौकी केदमा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 फरवरी 2026 को उनके पति दिलेश्वर रजक बकरी चराने गए थे। इसी दौरान एक बकरी पड़ोसी शोभनाथ के आंगन में घुस गई और वहां लगी टमाटर की फसल को खा लिया।
इस बात से आपा खोते हुए शोभनाथ ने गाली-गलौज शुरू कर दी और आवेश में आकर दिलेश्वर रजक की पीठ पर पीछे से टांगी से जोरदार प्रहार कर दिया। हमले में दिलेश्वर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस की कार्यवाही और धारा 109 बीएनएस
प्रारंभ में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 296, 351(3), 115(2) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध किया था। हालांकि, विवेचना के दौरान जब घायल दिलेश्वर रजक की सीटी स्कैन और मेडिकल रिपोर्ट सामने आई, तो डॉक्टरों ने चोट को बेहद गंभीर और जानलेवा बताया। मेडिकल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण में धारा 109 बी.एन.एस. (हत्या का प्रयास) जोड़ी।
आरोपी को भेजा गया जेल
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा-निर्देशन में केदमा पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी शोभनाथ (53 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हमले में इस्तेमाल किया गया हथियार (टांगा) भी बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम: इस कार्यवाही में केदमा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक नामूल राम, आरक्षक जोधन राम और मुनेश्वर राम की सक्रिय भूमिका रही।

Share This Article
Leave a comment