अंबिकापुर (सरगुजा): महिला सुरक्षा को लेकर सरगुजा पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। थाना गांधीनगर पुलिस ने चोपड़ा कॉलोनी, विश्रामपुर निवासी अमन कुमार सिंह को महिला उत्पीड़न और आईटी एक्ट के गंभीर मामले में सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी पूर्व में भी पीड़िता को प्रताड़ित करने के आरोप में जेल जा चुका है, लेकिन जमानत पर बाहर आते ही उसने दोबारा वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया था।
तीन साल से कर रहा था प्रताड़ित
मामले का संक्षिप्त विवरण यह है कि प्रार्थिया ने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अमन कुमार सिंह (उर्म 26 वर्ष) पिछले तीन वर्षों से उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। प्रार्थिया ने इससे पहले भी आरोपी के विरुद्ध रायपुर के गंज थाने में (अपराध क्रमांक 95/25) और गांधीनगर थाने में (अपराध क्रमांक 559/25 व 603/25) मामले दर्ज कराए थे। इन मामलों में कोर्ट से जमानत मिलने के बाद आरोपी के हौसले और बुलंद हो गए।
फर्जी आईडी बनाकर भेजे आपत्तिजनक फोटो
आरोपी अमन सिंह पीड़िता का रास्ता रोककर गाली-गलौज करता था और केस वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी देता था। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने पीड़िता के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाई और खुद की आईडी का इस्तेमाल कर पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो अन्य लोगों को भेजकर उसे बदनाम करने की कोशिश की।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
पीड़िता की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 158/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 126(2), 75(iv), 76 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 67, 67(A) के तहत मामला पंजीबद्ध किया। विवेचना के दौरान पुलिस ने दबिश देकर आरोपी अमन कुमार सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 02 नग मोबाइल और सिम कार्ड जब्त किए हैं।
टीम में शामिल सदस्य
इस पूरी कार्यवाही में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक राकेश मिश्रा, महिला आरक्षक प्रिया रानी, आरक्षक अमृत सिंह, अतुल सिंह, अरविन्द उपाध्याय, ऋषभ सिंह और घनश्याम देवांगन की सक्रिय भूमिका रही। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
बेल पर बाहर आकर फिर की छेड़खानी, फर्जी ईमेल से अश्लील फोटो भेजने वाला आरोपी अमन सिंह गिरफ्तार
Leave a comment
Leave a comment

