कुसमी (बलरामपुर-रामानुजगंज): पशु तस्करी और क्रूरता के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में कुसमी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। करीब दो माह से फरार चल रहे पशु तस्करी के तीसरे आरोपी को पुलिस ने धर-दबोचा और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
क्या था पूरा मामला?
घटना 30 जनवरी 2026 की है, जब ग्राम नवडीहा बाकाईन टोली के पास एक स्कॉर्पियो वाहन (क्रमांक JH 01 AA 0959) को पशु तस्करी करते हुए पकड़ा गया था। इस वाहन में 6 नग गाय-बैलों को अत्यंत क्रूरतापूर्वक भरकर झारखंड के बूचड़खानों की ओर ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 11/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत मामला दर्ज किया था।
दो आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
पुलिस की शुरुआती कार्रवाई में दो आरोपियों, संजीव घासी (निवासी खिखीर पारा, कुसमी) और ताहिर अंसारी (निवासी ग्राम नवडीहा, कुसमी) को मौके पर ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। हालांकि, तस्करी में संलिप्त तीसरा आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा था।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी दिलीप राम (पिता लालसाय राम, उम्र 33 वर्ष), निवासी ग्राम शकरडीह (मनोरा, जिला जशपुर) की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना और पुलिस की सक्रियता के चलते आरोपी की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया। 24 मार्च 2026 को विधिवत कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
पशु तस्करी का फरार आरोपी गिरफ्तार, कुसमी पुलिस ने भेजा जेल
Leave a comment
Leave a comment

