अम्बिकापुर। सरगुजा पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ अपनी ‘इंड-टू-इंड’ (जड़ से खात्मे तक) कार्रवाई जारी रखते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना गांधीनगर पुलिस की टीम ने बिहार के औरंगाबाद और गया जिले में दबिश देकर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में की गई।
चेकिंग के दौरान खुला था राज
मामले की शुरुआत 17 जून 2024 को हुई थी, जब गांधीनगर पुलिस टीम लटोरी रोड स्थित चठिरमा बैरियर के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक सफेद आल्टो कार (JH 01 DC 3645) का चालक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर पंकजधर दुबे को पकड़ा, जिसकी कार से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
जप्त सामग्री:
1500 नग Rexogesic Buprenorphine इंजेक्शन।
1500 नग Avil Pheniramine Maleate इंजेक्शन।
पूछताछ में खुले बिहार के तार
आरोपी पंकजधर दुबे ने पूछताछ में स्वीकार किया था कि वह ये इंजेक्शन अम्बिकापुर के आरिफ हुसैन और अन्य लोगों को बेचने वाला था। साथ ही उसने बताया कि वह बिहार के रॉकी कुमार से होलसेल में ये नशीले इंजेक्शन मंगवाता था और बैंक खातों के माध्यम से पैसों का लेनदेन करता था।
बिहार जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी आरिफ हुसैन (26 वर्ष) वर्तमान में बिहार के औरंगाबाद जेल में एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य मामले में बंद है। पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर उसे औरंगाबाद जेल से गिरफ्तार किया और अम्बिकापुर न्यायालय में पेश किया।
गया में दबिश देकर रॉकी कुमार को दबोचा
नेटवर्क की अगली कड़ी की तलाश में पुलिस टीम बिहार के गया रवाना हुई। वहां से आरोपी रॉकी कुमार (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। रॉकी ने बताया कि वह होलसेल में दवा बेचने का काम करता है और नबीनगर के पंकज कुमार सिंह (भारत मेडिकल स्टोर संचालक) के जरिए उसकी पहचान पंकजधर दुबे से हुई थी। रॉकी के पास से तस्करी में प्रयुक्त मोबाइल और सिम कार्ड जप्त किए गए हैं।
कार्रवाई में शामिल टीम
नशे के इस बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, आरक्षक अमृत सिंह और अतुल शर्मा की सक्रिय और महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
नशीले इंजेक्शन तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़: सरगुजा पुलिस ने बिहार से दबोचे दो मुख्य तस्कर
Leave a comment
Leave a comment

