कुसमी (बलरामपुर)। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ बलरामपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुसमी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए झारखंड से छत्तीसगढ़ लाई जा रही प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की खेप बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने बस चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
झारखंड से बस के जरिए हो रही थी सप्लाई
मिली जानकारी के अनुसार, 16 मार्च 2026 को कुसमी पुलिस को सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से एक यात्री बस में प्रतिबंधित नशीली सिरप (Onerex) की बड़ी खेप कुसमी लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ लिया।
जब्त सामग्री और कार्रवाई
पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपी आसिफ अन्सारी उर्फ बबलू के पास से ‘Wings’ कंपनी की ‘Codeine Phosphate & Triprolidine Hydrochloride Syrup ONEREX’ बरामद की। वहीं, तस्करी में शामिल बस क्रमांक JH-03-AQ-3029 के चालक आनंद तिर्की को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीली सिरप और परिवहन से संबंधित रसीद विधिवत जब्त कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
आसिफ अन्सारी उर्फ बबलू (38 वर्ष), निवासी: वार्ड क्रमांक 07, नगर पंचायत कुसमी, जिला बलरामपुर।
आनंद तिर्की (24 वर्ष), निवासी: ग्राम झोलांगा, थाना लोदाम, जिला जशपुर (बस चालक)।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
कुसमी पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(c) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपियों द्वारा अवैध रूप से नशीली सिरप का भंडारण और परिवहन करना पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
नशीली सिरप की तस्करी का भंडाफोड़: कुसमी पुलिस ने बस चालक समेत दो को दबोचा, भारी मात्रा में कफ सिरप बरामद
Leave a comment
Leave a comment

