अम्बिकापुर | 09 मार्च 2026
सरगुजा जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी पर लगाम कसने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। नशे के कारोबार में संलिप्त आदतन अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, थाना गांधीनगर पुलिस ने एक बड़ी कार्यवाही करते हुए निगरानी बदमाश को जेल भेज दिया है।
युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले पर कार्रवाई
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने जिले में सक्रिय ऐसे अपराधियों को चिन्हित करने के निर्देश दिए थे, जो बार-बार जेल जाने या जमानत पर छूटने के बाद भी नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से बाज नहीं आ रहे हैं। इसी कड़ी में गांधीनगर पुलिस ने इलाके के सक्रिय तस्करों की सूची तैयार कर सक्षम प्राधिकारी को प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था।
PIT NDPS Act के तहत 03 माह की जेल
पुलिस जांच में पाया गया कि आरोपी प्रदीप गाईन उर्फ मदन गाईन (47 वर्ष), निवासी सुभाषनगर, होली क्रॉस के पीछे, थाना गांधीनगर, लगातार नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल रहकर समाज के लिए खतरा बना हुआ था। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में नकबजनी, आर्म्स एक्ट, मारपीट, धोखाधड़ी और एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज होने के कारण वह पुलिस की निगरानी बदमाश सूची में भी शामिल था।
थाना गांधीनगर पुलिस द्वारा PIT NDPS Act 1988 की धारा 3(1) के तहत डिटेंशन का प्रस्ताव संभागायुक्त सरगुजा संभाग को भेजा गया था। प्रकरण पर विचार करने के उपरांत, संभागायुक्त ने अधिनियम की धारा 10 के तहत आदेश पारित करते हुए आरोपी प्रदीप गाईन को 03 माह के लिए जेल हिरासत में निरुद्ध करने का आदेश दिया।
पुलिस टीम की सक्रियता
इस पूरी वैधानिक कार्यवाही और आरोपी की गिरफ्तारी में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी और आरक्षक घनश्याम देवांगन की प्रमुख भूमिका रही। सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध इसी तरह की प्रतिबंधात्मक कार्यवाही जारी रहेगी।
नशा तस्करों पर सरगुजा पुलिस का कड़ा प्रहार: आदतन अपराधी प्रदीप गाईन PIT NDPS Act के तहत जेल दाखिल
Leave a comment
Leave a comment

