बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 12 घंटे के भीतर 25 स्थायी वारंटी गिरफ्तार, 9 साल से फरार आरोपी भी चढ़ा हत्थे

Deshkibaat24
2 Min Read

बलरामपुर। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधियों पर लगाम कसने के लिए बलरामपुर पुलिस ने एक बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के नेतृत्व में जिले भर में चली इस विशेष मुहिम के दौरान मात्र 12 घंटों के भीतर कुल 25 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
भोर में शुरू हुआ सघन अभियान
पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना और चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक लेने के बाद टीमों का गठन किया गया था। आज दिनांक 08/03/2026 को भोर में (सुबह 03 बजे) पुलिस टीमों ने पूरे जिले में एक साथ दबिश दी। इस कार्रवाई में उन अपराधियों को भी पकड़ा गया है जो पिछले 08 से 09 वर्षों से लगातार फरार चल रहे थे।
किस थाने से कितनी गिरफ्तारियां?
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से हुई गिरफ्तारियों का विवरण इस प्रकार है:

थाना/चौकी का नाम

गिरफ्तार वारंटी

थाना रामानुजगंज 08

थाना कोतवाली बलरामपुर 05

थाना शंकरगढ़ 05

थाना कुसमी 02

थाना पस्ता 02

चौकी विजयनगर 02

थाना रामचन्द्रपुर 01

कुल योग 25

सीमावर्ती क्षेत्रों में कड़ी निगरानी
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की सीमाएं झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश राज्यों से लगी हुई हैं। अंतरराज्यीय सीमाओं का लाभ उठाकर असामाजिक तत्व जिले में प्रवेश न कर सकें, इसके लिए पुलिस द्वारा लगातार ‘एरिया डोमिनेशन’ और गश्त की जा रही है।
पुलिस टीमों ने न केवल वारंटियों को पकड़ा, बल्कि निगरानी बदमाशों, गुंडा तत्वों और संदिग्धों के ठिकानों पर जाकर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जांच भी की। साथ ही बैंक, एटीएम, सर्राफा दुकानों और ढाबों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
कड़ी चेतावनी
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में शांति भंग करने वालों और अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने वाले लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी गिरफ्तार वारंटियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Share This Article
Leave a comment