सूरजपुर। जिले के थाना चन्दौरा पुलिस ने एक सनसनीखेज ‘अंधे कत्ल’ के मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। ग्राम पहिया के जंगल में मिली अज्ञात महिला की लाश की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने मृतिका के सौतेले नतनीन दामाद को सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी ने पहचान छिपाने की नीयत से महिला के चेहरे को भारी पत्थर से कुचल दिया था।
जंगल में मिला था क्षत-विक्षत शव
मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्राम पटिया के सरपंच रुद्र प्रसाद ने थाना चन्दौरा में सूचना दी कि ग्राम पहिया (कोशाबूपारा) के सल्यापहरी जंगल में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा है। मृतिका के सिर पर भारी पत्थर रखा था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने धारा 103 (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
टीम गठित कर शुरू हुई तफ्तीश
डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य संकलन और मृतिका की पहचान सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए थे। एएसपी योगेश देवांगन और डीएसपी अनूप एक्का के मार्गदर्शन में चंदौरा पुलिस ने सघन जांच शुरू की। 27 दिसंबर 2025 को मृतिका की पहचान रनिया बाई (60 वर्ष), निवासी ग्राम दुरती के रूप में हुई।
हत्या की वजह: नशे में गाली-गलौज और आवेश
पुलिस विवेचना में सामने आया कि मृतिका रनिया बाई का कोई संतान नहीं था और वह अक्सर अपने सौतेले नतनीन दामाद कमलेश चेचाम के घर आती-जाती रहती थी।
घटनाक्रम: 20 दिसंबर की शाम कमलेश अपनी मोटरसाइकिल से रनिया को लेने उसके गांव दुरती गया था।
विवाद: लौटते समय रास्ते में रनिया बाई नशे की हालत में कमलेश और उसके परिवार को गालियां देने लगी।
वारदात: गाली-गलौज से आक्रोशित होकर कमलेश उसे घर न ले जाकर पहिया के जंगल में ले गया। वहां उसने साड़ी के पल्लू से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के लिए चेहरे पर भारी पत्थर पटक दिया।
साक्ष्य मिटाने की कोशिश रही नाकाम
आरोपी ने मृतिका का मोबाइल और झोला घर के पास जला दिया था ताकि कोई सुराग न मिल सके। हालांकि, तकनीकी जानकारी और कड़ाई से पूछताछ के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर:
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
एक मोबाइल फोन
हत्या में प्रयुक्त भारी पत्थर
जप्त कर लिया है।
पुलिस की टीम रही सक्रिय
इस अंधे कत्ल को सुलझाने में थाना प्रभारी चंदौरा मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक शैलेष सिंह, भगवत दयाल पैंकरा, मनोज केरकेट्टा और आरक्षक अवधेश कुशवाहा सहित अन्य जवानों की सराहनीय भूमिका रही। आरोपी कमलेश चेचाम (42 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सूरजपुर: अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, गाली-गलौज से आक्रोशित दामाद ने ही की थी नानी सास की हत्या
Leave a comment
Leave a comment

