
अम्बिकापुर 01 दिसम्बर 2025/ जिले की तहसील मैनपाट के ग्राम कंडराजा में मेसर्स कुदरगढ़ी स्टील्स प्रा. लि. की प्रस्तावित बाक्साईट माइन परियोजना के लिए आयोजित जनसुनवाई कल दिनांक 30 नवंबर 2025 को संपन्न हुई। जनसुनवाई में लगभग 500 ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जिनमें से 110 ग्रामीणों ने परियोजना के पक्ष एवं विपक्ष में अपने सुझाव तथा आपत्तियाँ प्रस्तुत कीं।
जनसुनवाई प्रारंभ होने से पहले कुछ अवांछित तत्वों द्वारा ग्राम कंदराजा में एलुमिना प्लांट की स्थापना की अफवाह फैलाकर माहौल को भड़काने का प्रयास किया गया और टेंट को भी नुकसान पहुंचाया गया। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप कर ग्रामीणों को समझाइश दी, जिसके बाद वातावरण शांत हुआ। निर्धारित समय 11 बजे शुरू होने वाली जनसुनवाई लगभग एक घंटे विलंब से, अर्थात 12 बजे शुरू हो सकी। इसके बावजूद ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। जनसुनवाई की कार्यवाही लगभग 3 घंटे 30 मिनट तक चली और 3.30 बजे समाप्त हुई।
जनसुनवाई में परियोजना ने प्रस्तुत किया विवरण
परियोजना प्रस्तावक कंपनी ने जनसुनवाई में बताया कि ग्राम कंदराजा में कुल 135.223 हेक्टेयर क्षेत्र में बाक्साईट खनन प्रस्तावित है, जिसमें राजस्व वन 8.111 हे. है, आरक्षित एवं संरक्षित वन 114.528 हे. है निजी भूमि 12.584 हे. (लगभग 31.08 एकड़) शामिल है।
कंपनी के अनुसार खदान से प्रतिवर्ष अधिकतम 80,700 मीट्रिक टन बाक्साईट का उत्खनन किया जाएगा। खनन की अधिकतम गहराई केवल 9.30 मीटर रहेगी, जिससे क्षेत्र के 15 मीटर गहरे भूजल स्तर पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। कंपनी ने स्पष्ट किया कि परियोजना से किसी भी परिवार का विस्थापन नहीं होगा। केवल 12.584 हे. कृषि भूमि प्रभावित होगी। भूमि का जबरन अधिग्रहण नहीं होगा। भूस्वामियों से आपसी सहमति से मुआवजा निर्धारित किया जाएगा। खनन पूर्ण होने के बाद भूमि को समतल कर पुनः भूस्वामी को लौटाया जाएगा। भूमि का स्वामित्व हर परिस्थिति में मूल भूस्वामी का ही रहेगा।
अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई
जनसुनवाई की अध्यक्षता अतिरिक्त अपर कलेक्टर श्री श्री सुनील नायक ने की। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को बताया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी सुझावों एवं आपत्तियों पर पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा विस्तृत विचार-विमर्श के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
सत्र के अंत में अपर कलेक्टर श्री नायक ने जनसुनवाई को शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग के लिए सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

