हिस्ट्रीशीटर आरोपी मजहर खान पर सरगुजा पुलिस का शिकंजा, मारपीट के बाद भेजा गया जेल; जिला बदर की तैयारी शुरू

Deshkibaat24
4 Min Read

अम्बिकापुर : सरगुजा जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस ने अब कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। शहर के गांधी चौक पर मामूली विवाद को लेकर मारपीट और गाली-गलौज करने वाले शातिर अपराधी मजहर खान और उसके साथियों पर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए उसे जिला बदर करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
थूकने की बात पर विवाद और कड़े से हमला
पूरा मामला 2 मई 2026 का है, जब नमनाकला निवासी पंकज शुक्ला अपने साथियों मनीष अम्बस्ट और रानू पाण्डेय के साथ गांधी चौक के पास एक पान दुकान पर खड़े थे। घटना के दौरान अनिकेत त्रिपाठी नामक युवक द्वारा गुटखा खाकर थूकने की बात पर विवाद उत्पन्न हुआ। जब पंकज शुक्ला ने इस पर आपत्ति जताई, तो अनिकेत त्रिपाठी ने अपने साथियों मजहर खान, जय सोनी और ओम सोनी के साथ मिलकर सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव शुरू कर दिया।
आरोपियों ने शांति भंग करने के उद्देश्य से पंकज शुक्ला को गंदी-गंदी गालियां दीं और अपमानित करते हुए उन पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने हाथ-मुक्कों के साथ-साथ लोहे के कड़े से भी वार किया, जिससे पंकज शुक्ला के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज
पीड़ित की रिपोर्ट पर अम्बिकापुर कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 278/2026 दर्ज किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 296, 351, 115(2), 191(2) और 352 के तहत मामला विवेचना में लिया। घटना के बाद से ही आरोपी गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहे थे।
घेराबंदी कर मजहर खान गिरफ्तार, 2 नाबालिग भी हिरासत में
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, फरार आरोपियों की तलाश के लिए गठित विशेष टीम ने 5 मई 2026 को सटीक सूचना के आधार पर रसुलपुर क्षेत्र में दबिश दी। यहाँ मुख्य आरोपी मजहर खान (पिता सेराज उर्फ सिराजुद्दीन अंसारी, उम्र 37 वर्ष, निवासी इमलीपारा) अपने एक परिचित के घर में छिपा हुआ था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। इसके साथ ही वारदात में शामिल 2 नाबालिगों को भी पकड़कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की गई है।
खोली गई गुंडा फाइल, जिला बदर की तैयारी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मजहर खान एक हिस्ट्रीशीटर है जिसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसी को आधार बनाते हुए कोतवाली पुलिस ने उसके विरुद्ध BNSS की धारा 129 के तहत ‘गुंडा फाइल’ खोल दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के पुराने अपराधों की सूची संकलित की जा रही है और उसे जिले की सीमा से निष्कासित (जिला बदर) करने हेतु कलेक्टर के समक्ष प्रतिवेदन भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस पूरी प्रभावी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, उप निरीक्षक कृष्णा यादव, सहायक उप निरीक्षक विवेक पांडेय, अदीप सिंह, आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा, अहसान फ़िरदौसी और बृजेश राय की सक्रिय भूमिका रही।
इस कार्यवाही से क्षेत्र के असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है। सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर में गुंडागर्दी और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article
Leave a comment