सरगुजा में नए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में रितेश चौधरी ने संभाला पदभार; कानून-व्यवस्था और जनसेवा रहेगी प्राथमिकता

Deshkibaat24
2 Min Read

अंबिकापुर :  छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी पदस्थापना आदेश के अनुपालन में राज्य पुलिस सेवा के 2013 बैच के अधिकारी रितेश चौधरी ने सरगुजा जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया है।
पदभार संभालने के उपरांत नए एएसपी रितेश चौधरी ने डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, आमजन की सुरक्षा और सामुदायिक पुलिसिंग की प्राथमिकताओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यालयीन कार्यों की समीक्षा और अधिकारियों को निर्देश
डीआईजी से मुलाकात के बाद रितेश चौधरी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शाखा प्रभारियों एवं कार्यालयीन कर्मचारियों के साथ परिचय बैठक की और शाखावार कार्यप्रणाली तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालयीन कामकाज में पारदर्शिता, गुणवत्ता और गतिशीलता लाई जाए। उन्होंने लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने और थाने व कार्यालय आने वाले आम नागरिकों के साथ संवेदनशीलता से व्यवहार करने पर जोर दिया।
जनसेवा और प्रभावी पुलिसिंग पर रहेगा जोर
अपनी प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी देते हुए एएसपी रितेश चौधरी ने कहा कि सरगुजा जिले में शांति व कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, सामुदायिक पुलिसिंग (कम्युनिटी पुलिसिंग) के जरिए जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा आम नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी व संवेदनशील पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
पूर्व में बालोद में दे चुके हैं सेवाएं
उल्लेखनीय है कि सरगुजा जिले में एएसपी के रूप में पदस्थ होने से पूर्व रितेश चौधरी धनौरा (जिला बालोद) स्थित 14वीं वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) में उप सेनानी के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। अब वे सरगुजा में पुलिस प्रशासन को और अधिक सक्रिय व जन-उन्मुख बनाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।

Share This Article
Leave a comment