बलरामपुर : शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बचवार में हुई करीब 4 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले की तहकीकात करते हुए चोरी के जेवरात बैंक में गिरवी रखकर लोन लेने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
यह है पूरा मामला
घटना बीते 31 दिसंबर 2025 की है। प्रार्थी अर्पण कुमार उरांव (पिता जगेश्वर राम), निवासी बचवार, थाना शंकरगढ़ ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 31 दिसंबर 2025 को दोपहर लगभग 2:00 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। चोरों ने अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात, 3 हजार रुपये नगद और 2 नग सीसीटीवी कैमरे (कुल मशरूका कीमत लगभग 4 लाख रुपये) पार कर दिए थे।
प्रार्थी की शिकायत पर शंकरगढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 01/2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305, 331(3), और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया था।
विवेचना और जांच में हुआ खुलासा
मामले की तफ्तीश के दौरान शंकरगढ़ पुलिस को थाना गांधीनगर (सरगुजा) से महत्वपूर्ण सुराग मिले। गांधीनगर थाने में दर्ज एक अन्य प्रकरण के आरोपी आनंद कुमार पन्ना (पिता हबिल पन्ना, उम्र 22 वर्ष, निवासी सुभाषनगर, भगवानपुर) ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने साथी आकाश गाईंन के साथ मिलकर शंकरगढ़ में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आनंद पन्ना को पूर्व में पुलिस रिमांड पर लेकर न्यायालय में पेश किया जा चुका था।
मामले में फरार चल रहे सह-आरोपी आकाश गाईंन की तलाश करते हुए शंकरगढ़ पुलिस ने उसे अंबिकापुर से हिरासत में लिया।
चोरी के गहनों से लिया मणप्पुरम बैंक से गोल्ड लोन
आकाश गाईंन से कड़ाई से पूछताछ करने पर पूरे गिरोह का नेटवर्क उजागर हुआ। उसने बताया कि आनंद पन्ना द्वारा शंकरगढ़ से चोरी कर लाए गए सोने-चांदी के गहनों को उसने अपनी मां नीलिमा गाईंन के माध्यम से मणप्पुरम बैंक अंबिकापुर में जमा करा दिया था।
बैंक में सोने का हार, सोने की चैन, सोने का झुमका और सोने का मंगलसूत्र आदि गिरवी रखकर आरोपियों ने 3,80,000/- रुपये (तीन लाख अस्सी हजार रुपये) का गोल्ड लोन हासिल किया था। इस राशि में से 20,000/- रुपये बैंक खाते के माध्यम से आनंद पन्ना की बहन मंजूषा पन्ना को भी प्राप्त हुए थे।
गिरफ्तार आरोपीगण
प्रकरण की विस्तृत जांच और पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद पुलिस ने निम्नलिखित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है:
आकाश गाईंन (पिता प्रदीप गाईंन, उम्र 23 वर्ष), निवासी सुभाषनगर अंबिकापुर, वार्ड नं. 02, थाना गांधीनगर, जिला सरगुजा।
नीलिमा गाईंन (पति प्रदीप गाईंन, उम्र 38 वर्ष), निवासी सुभाषनगर अंबिकापुर, वार्ड नं. 02, थाना गांधीनगर, जिला सरगुजा।
मंजूषा पन्ना (पिता हबिल पन्ना, उम्र 31 वर्ष), निवासी सुभाषनगर, भगवानपुर, थाना गांधीनगर, जिला सरगुजा।
पुलिस टीम की भूमिका
इस पूरी सफलता और आरोपियों की धरपकड़ में उप निरीक्षक रविन्द्र प्रताप सिंह, सहायक उप निरीक्षक थोबसाय पैकरा, सहायक उप निरीक्षक रफैल तिर्की, आरक्षक बबलू बेक, संदीप म. और म. आर. सरोज केरकेट्टा की विशेष भूमिका रही।
बलरामपुर: शंकरगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घर में चोरी के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार; गिरवी रखे सोने के एवज में लिया था 3.80 लाख का लोन
Leave a comment
Leave a comment

