बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मवेशियों को बूचड़खाने ले जाते दो आरोपी गिरफ्तार, 2 भैंस बरामद

Deshkibaat24
3 Min Read

बलरामपुर-रामानुजगंज : जिले की बसंतपुर थाना पुलिस ने पशु क्रूरता के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 रास भैंसों को क्रूरतापूर्वक ले जाते हुए रंगे हाथों पकड़ा और उन्हें सुरक्षित जब्त कर लिया। पकड़े गए दोनों आरोपी पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।
मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस की दबिश
मिली जानकारी के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को बसंतपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मवेशियों को बेरहमी से मारते-पीटते हुए बूचड़खाने की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की।
मौके पर पुलिस ने देखा कि दो युवक 2 भैंसों को अमानवीय तरीके से पीटते हुए ले जा रहे थे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को मौके पर ही रोक लिया और मवेशियों को उनके कब्जे से छुड़ाया।
उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों की पहचान बनारस निवासी अमन यादव (20 वर्ष) पिता जय प्रकाश यादव और उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के सैदपुर निवासी सिकंदर (20 वर्ष) पिता मुन्ना राम के रूप में हुई है।
आरोपी अमन यादव का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपी अमन यादव के खिलाफ पहले भी बसंतपुर थाने में पशु क्रूरता का मामला दर्ज है। उसके विरुद्ध पूर्व में भी अपराध क्रमांक 109/2026 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है, जिससे जाहिर होता है कि वह लगातार इस तरह के अवैध कार्यों में संलिप्त रहा है।
मामला दर्ज कर भेजा गया जेल
बसंतपुर पुलिस ने मौके से दोनों मवेशियों को जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध क्रमांक 125/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

Share This Article
Leave a comment