October 12, 2026
IMG-20260723-WA0042.jpg

बलरामपुर  : जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत चीनिया में शासकीय उचित मूल्य दुकान के माध्यम से होने वाले राशन वितरण में भारी गड़बड़ी और अनियमितता का मामला सामने आया है। राशन दुकान संचालक की मनमानी से परेशान होकर गुरुवार दोपहर बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत चीनिया और इसके आश्रित गांव शिवपुर के ग्रामीण रामानुजगंज स्थित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने राशन दुकान संचालक की कार्यशैली पर रोष जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर तहसीलदार मनोज पैकरा को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपा।
क्या है पूरा मामला?
ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, राज्य सरकार की व्यवस्था के तहत हितग्राहियों को मई, जून और जुलाई माह का खाद्यान्न एकमुश्त (एक साथ) वितरित किया जाना था। हालांकि, राशन दुकान संचालक ने ग्रामीणों से अप्रैल, मई और जून—इन तीनों महीनों के लिए बायोमेट्रिक (ई-पॉश मशीन पर अंगूठा) प्रमाणीकरण करवा लिया, लेकिन वितरण के समय उन्हें केवल दो महीने का ही राशन प्रदान किया गया।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने अपने पूरे हक के खाद्यान्न की मांग की, तो संचालक ने उन्हें पूरा राशन देने के बजाय राशन कार्ड पर केवल “बाकी” लिखकर वापस लौटा दिया।
अंगूठा पहले लगवाने का पुराना ढर्रा
एसडीएम कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने शिकायत में बताया कि राशन दुकान संचालक की यह कोई पहली घटना नहीं है। उसकी कार्यशैली लंबे समय से संदेहास्पद रही है। वह अक्सर राशन देने से पहले ही हितग्राहियों का अंगूठा बायोमेट्रिक मशीन पर लगवा लेता है और बाद में उन्हें तय मात्रा से कम खाद्यान्न देता है। इस मनमानी के कारण गरीब और जरूरतमंद ग्रामीण अपने बुनियादी हक के खाद्यान्न से लगातार वंचित हो रहे हैं।
अधिकारियों का क्या है कहना?
इस पूरे मामले पर खाद्य विभाग के खाद्य निरीक्षक छबीला पैकरा ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि ग्राम पंचायत चीनिया से महिला व पुरुष हितग्राही अपनी समस्याओं को लेकर कार्यालय पहुंचे थे। ग्रामीणों ने लिखित शिकायत दी है कि उन्हें जून और जुलाई माह का खाद्यान्न प्राप्त नहीं हुआ है।
“ग्रामीणों का शिकायत पत्र प्राप्त हो चुका है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार जो भी दोषी होगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
— छबीला पैकरा, खाद्य निरीक्षक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News