सरगुजा : जिले के थाना कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए राह चलती युवती से छेड़छाड़ और उसके भाई पर जानलेवा हमला करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 5 विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए डंडे, बेल्ट, पत्थर और स्कूटी बरामद कर ली गई है।
क्या है पूरा मामला?
थाना कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, घटना 10 जून 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है। पीड़िता अपने भाई के साथ स्कूटी पर सवार होकर गांधी चौक की ओर जा रही थी। जैसे ही वे मिशन अस्पताल के पास पहुंचे, आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोपी अतुल ताम्रकार ने गलत नीयत से पीड़िता का रास्ता रोका और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए लज्जा भंग करने का प्रयास किया। जब मौके पर मौजूद पीड़िता के भाई ने इस हरकत का विरोध किया और उन्हें मना किया, तो आरोपी भड़क गए।
डंडे, बेल्ट और पत्थरों से किया हमला
विरोध से बौखलाए अतुल ताम्रकार और उसके साथी रोहित केडिया ने अपने अन्य नाबालिग साथियों के साथ मिलकर पीड़िता के भाई को भद्दी-भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर पीड़िता के भाई पर हाथ-मुक्कों, बांस के डंडे, पत्थर और बेल्ट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बीएनएस के तहत केस दर्ज
पीड़िता की शिकायत पर 11 जून 2026 को थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 394/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2), 191(2), 126(2), 74, 75(2) और 78 के तहत गंभीर धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
सतत प्रयास और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर 5 नाबालिगों सहित कुल 7 लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। गिरफ्तार किए गए बालिग आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
अतुल ताम्रकार (उम्र 21 वर्ष), पिता: बिरजू ताम्रकार, निवासी: केदारपुर, अंबिकापुर।
रोहित केडिया (उम्र 22 वर्ष), पिता: बसंत केडिया, निवासी: केदारपुर, अंबिकापुर।
इनके अलावा घटना में शामिल 5 अन्य नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने बालिग आरोपियों को माननीय न्यायालय और नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है।
इस टीम को मिली सफलता
इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने में सरगुजा पुलिस के निम्नलिखित अधिकारियों और जवानों की मुख्य भूमिका रही:
कोतवाली थाना टीम: थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, महिला प्रधान आरक्षक राधा यादव, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, आरक्षक अमित विश्वकर्मा, नितिन सिन्हा और दीपक दास।
साइबर सेल टीम: प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, आरक्षक अनुज जायसवाल, अशोक यादव और अमन केरकेट्टा।
अंबिकापुर में भाई के साथ जा रही युवती से छेड़छाड़ और जानलेवा हमला, 5 नाबालिगों समेत 7 आरोपी गिरफ्तार
Leave a comment
Leave a comment

