IMG-20261128-WA0002

सूरजपुर। नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा और महिला संबंधी अपराधों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए सूरजपुर पुलिस ने अपहरण और मानव तस्करी (खरीद-फरोख्त) के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित कार्रवाई के बल पर मध्यप्रदेश के सागर जिले से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है तथा इस प्रकरण में शामिल दो महिलाओं सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सूरजपुर क्षेत्र की निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी 24 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे सीमा पति अशोक रजक के साथ अम्बिकापुर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। शाम करीब 6 बजे तक वापस न लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस पर थाना सूरजपुर में अज्ञात आरोपी द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने के संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 143(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

​विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी संसाधनों की मदद से बालिका की लोकेशन ट्रेस की, जिससे उसके मध्यप्रदेश के सागर जिले अंतर्गत थाना जैसीनगर के ग्राम चकेरी में होने का पता चला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने तत्काल एक विशेष पुलिस टीम गठित कर मध्यप्रदेश रवाना किया। टीम ने ग्राम चेकरी स्थित शैतान सिंह के घर दबिश देकर नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब किया।

​पुलिस पूछताछ में बालिका ने खुलासा किया कि सीमा सिंह ने उसे 60 हजार रुपये में शैतान सिंह को बेचा था, जिसके बाद शैतान सिंह ने उसे कैलाश सिंह व एक अन्य व्यक्ति को बेच दिया। बालिका ने यह भी बताया कि इससे पहले शारदा सिंह ने उसे 80 हजार रुपये में शैतान सिंह को बेचा था, लेकिन वह रास्ते में अनूपपुर रेलवे स्टेशन से भाग निकली थी।

​इस मामले में पुलिस ने शैतान सिंह पिता स्व. सीताराम सिंह (उम्र 30 वर्ष, निवासी भापेल, थाना मोतीनगर, जिला सागर, मध्यप्रदेश), कैलाश सिंह डांगी पिता स्व. भागवल सिंह (उम्र 65 वर्ष, निवासी भोपेल, थाना मोतीनगर), सीमा सिंह उर्फ श्यामवती सिंह पति अशोक कुमार रजक उर्फ रघु (उम्र 27 वर्ष, निवासी जेलपारा, सूरजपुर) और शारदा मलिक पति भागीरथी मलिक (उम्र 33 वर्ष, निवासी गेल्हापानी, थाना चिरमिरी, हाल निवासी पमता 20 दफाई डोमनहील, थाना चिरमिरी, जिला एमसीबी) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बातचीत में प्रयुक्त 4 मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल स्कूटी (क्रमांक सीजी 29 एएच 8430) और बिक्री की रकम में से बचे 6 हजार रुपये बरामद किए हैं।

​यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और सीएसपी विशाल गर्ग के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सूरजपुर प्रहलाद यादव, एएसआई देवनाथ चौधरी, कुसुमकांता लड़का, महिला प्रधान आरक्षक पुष्पा पैंकरा, आरक्षक जितेन्द्र पटेल, रामनारायण सोनवानी, रविराज पाण्डेय, बृजलाल तथा महिला आरक्षक रौशनी सिंह व पदमावती की टीम द्वारा की गई।

Disclaimer

वेब पोर्टल पर लगी सभी खबरों (फोटो, वीडियो, ऑडियो, कंटेंट) की पूर्ण जिम्मेदारी खबर भेजने वाले संवाददाता की ही होगी। संवाददाता की खबर से जुड़ी किसी भी प्रकार की वैधानिक कार्यवाही हेतु संवाददाता ही जिम्मेदार होंगे। अतः खबर की सत्यता की जांच करने के पश्चात ही खबर भेजें। वेब पोर्टल के प्रधान संपादक व संपादक इस हेतु जिम्मेदार नहीं होंगे।

संपादक: मोहम्मद गयासुद्दीन 7089858854

सह संपादक: निजामुद्दीन खान 9977896417

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *