शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय रामानुजगंज में शिक्षकों की भारी कमी से छात्राओं का भविष्य संकट में, पार्षद विकास गुप्ता ने कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की

Deshkibaat24
3 Min Read

विशेष संवादाता रिजवान खान

बलरामपुर : जिले के रामानुजगंज, वार्ड क्रमांक-06 के पार्षद एवं जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विकास गुप्ता ने आज जिला कलेक्टर बलरामपुर-रामानुजगंज को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, रामानुजगंज में लंबे समय से बने हुए शिक्षकों के गंभीर अभाव की ओर ध्यान आकर्षित कराया तथा छात्राओं के हित में तत्काल प्रभाव से विषय-शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि विद्यालय में भौतिक शास्त्र (Physics), जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र, राजनीति शास्त्र, इतिहास, हिन्दी एवं संस्कृत जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि छात्राओं को नियमित कक्षा में शिक्षक के स्थान पर यूट्यूब एवं वीडियो लेक्चर के माध्यम से पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उनकी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बोर्ड परीक्षा की तैयारी तथा भविष्य प्रभावित हो रहा है।

विकास गुप्ता ने बताया कि गत वर्ष भी उन्होंने तत्कालीन कलेक्टर को भौतिक विज्ञान शिक्षक की व्यवस्था के लिए आवेदन दिया था, जिस पर सकारात्मक पहल करते हुए पूरे शैक्षणिक सत्र के लिए शिक्षक की व्यवस्था की गई थी। इससे छात्राओं की पढ़ाई सुचारु रूप से संचालित हुई और उन्हें प्रत्यक्ष लाभ मिला। लेकिन नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 प्रारंभ होते ही उस व्यवस्था के समाप्त होने के बाद पुनः विद्यालय शिक्षकविहीन हो गया है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि विद्यालय के प्राचार्य ने भी दिनांक 02 जुलाई 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी को आधिकारिक पत्र भेजकर स्पष्ट रूप से विषय-शिक्षकों की कमी से अवगत कराया है तथा तत्काल शिक्षक उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। इसके बावजूद आज तक कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं हो सकी है।

विकास गुप्ता ने कहा कि यदि समय रहते शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई तो इसका सबसे बड़ा नुकसान उन बेटियों को होगा, जो सरकारी विद्यालय में बेहतर शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को संवारने का सपना देख रही हैं। उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया है कि नियमित नियुक्ति होने तक अतिथि शिक्षक, प्रतिनियुक्ति अथवा अन्य वैधानिक व्यवस्था के माध्यम से सभी रिक्त विषयों के शिक्षकों की तत्काल पदस्थापना सुनिश्चित कराई जाए।

ज्ञापन के साथ उन्होंने तीन महत्वपूर्ण दस्तावेज संलग्न किए हैं—

  1. पूर्व में भौतिक विज्ञान शिक्षक की व्यवस्था बनाए रखने हेतु दिया गया आवेदन।
  2. विद्यालय के प्राचार्य द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी को भेजा गया आधिकारिक पत्र।
  3. विद्यालय में छात्राओं द्वारा शिक्षक के अभाव में वीडियो/यूट्यूब के माध्यम से अध्ययन करते हुए छायाचित्र। विकास गुप्ता ने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रशासन छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस अत्यंत महत्वपूर्ण विषय पर शीघ्र संवेदनशील एवं सकारात्मक निर्णय लेकर विद्यालय में सभी विषयों के शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।

Share This Article
Leave a comment