बलरामपुर में अंतर्राज्यीय हाथी दांत तस्कर गिरोह का भंडाफोड़: 3 आरोपी गिरफ्तार, जबड़े के साथ दांत बरामद

Deshkibaat24
3 Min Read

विशेष संवादाता रिजवान खान

बलरामपुर :  जिले में वन विभाग की टीम को वन्यजीव अपराधों के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। विभाग ने अंतर्राज्यीय हाथी दांत तस्करी से जुड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हाथी के जबड़े से जुड़े तीन कीमती दांत बरामद किए गए हैं। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने के बाद सभी आरोपियों को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर धर्मशाला में छापेमारी
यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वन्यजीवों के संरक्षण और संबंधित अपराधों को रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो, राज्य उड़नदस्ता दल (रायपुर) और वनमंडल बलरामपुर की संयुक्त टीम को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि रामानुजगंज स्थित आमंत्रण धर्मशाला में कुछ संदिग्ध लोग हाथी दांत की तस्करी की नियत से ठहरे हुए हैं।
सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने रणनीति बनाकर धर्मशाला के कमरा नंबर 205 में औचक छापेमारी की। कमरे की सघन तलाशी लेने पर तस्करों के पास मौजूद एक बैग से हाथी के जबड़े सहित 3 दांत बरामद हुए, जिसके बाद मौके से ही तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।
झारखंड और स्थानीय आरोपियों का नेटवर्क
मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीचे अनुसार हुई है:
संतोष कुमार विश्वकर्मा (निवासी: पलामू, झारखंड)
अजय कुमार गुप्ता (निवासी: रामानुजगंज, बलरामपुर)
सतेन्द्र कुमार रजक (निवासी: रामानुजगंज, बलरामपुर)
आरोपियों के इस नेटवर्क में अंतर्राज्यीय तार जुड़े होने की बात सामने आई है।
अदालत में पेशी और आगे की जांच
वन विभाग ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की प्रासंगिक और कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने तस्करी के इस अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली है।
तस्करों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (रामानुजगंज) की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल (न्यायिक हिरासत) भेज दिया गया। वन विभाग अब इस बात की गहनता से जांच कर रहा है कि हाथी का शिकार कहां किया गया था और इन दांतों को किसे बेचा जाना था। पुलिस और वन विभाग की टीम इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।

Share This Article
Leave a comment