क्रिप्टोकरेंसी में 10 गुना मुनाफे का लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, सरगुजा पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा

Deshkibaat24
5 Min Read


अंबिकापुर  : सरगुजा क्रिप्टोकरेंसी और शेयर बाजार में चंद दिनों में भारी मुनाफा कमाने का झांसा देकर मासूम लोगों को ठगने वाले एक गिरोह का सरगुजा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना मणीपुर पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस फर्जीवाड़े में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरोह महंगे होटलों में सेमिनार आयोजित कर लोगों को ‘Bitget Wallet (LGNS)’ नामक क्रिप्टो ऐप में पैसे लगाने और 1 साल में रकम 10 गुना करने का लालच देता था।
होटल में चल रही थी ठगी की ‘ट्रेनिंग’, पुलिस ने मारा छापा
मिली जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी विद्याचरण राव (निवासी इन्दरपुर, दरिमा) को गांव के ही त्रिपाल टोप्पो ने क्रिप्टो ऐप में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने की बात कही। इसके बाद त्रिपाल उसे राजकुमार पैकरा के पास ले गया। राजकुमार ने विद्याचरण को झांसा दिया कि ‘Bitget Wallet (LGNS)’ क्रिप्टो वॉलेट ऐप में निवेश करने पर गारंटीड भारी रिटर्न मिलता है।
प्रार्थी को झांसे में लेने के लिए 19 जुलाई को अंबिकापुर स्थित ‘होटल फिल आनंदम’ में एक ट्रेनिंग सेमिनार में बुलाया गया। वहाँ कांता प्रसाद राजवाड़े द्वारा लैपटॉप और प्रोजेक्टर के जरिए 10-12 लोगों को प्रेजेंटेशन दिया जा रहा था। आरोपियों ने दावा किया कि एमएलएम (MLM) मॉडल की तरह 12 लेवल पार करने के बाद जिंदगी भर फ्री में पैसा मिलता रहेगा। विद्याचरण से 10,000 रुपये नगद लेकर 1 साल में 1 लाख रुपये करने का दावा किया गया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने मणीपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
बिलासपुर और नेपाल से जुड़े हैं गिरोह के तार
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बिलासपुर निवासी त्रिभुवन साहू और रमाशंकर साहू हैं। आरोपी नेपाल में आयोजित सेमिनार में जाकर ठगी का यह तरीका सीखकर आए थे। बिलासपुर के मुख्य आकाओं द्वारा ही आरोपियों को “गेम चेंजर एकेडमी” लिखी हुई काली टी-शर्ट और प्रचार सामग्री मुहैया कराई जाती थी।
यह गिरोह प्ले स्टोर से Bitget Wallet डाउनलोड करवाकर लोगों से नगद या फोनपे के जरिए पैसे ले लेता था और उसके बदले फर्जी टोकन ट्रांसफर कर देता था। इसके बाद बाइनेंस (Binance) आईडी और केवाईसी (KYC) के नाम पर उलझाकर पैसे हड़प लेता था। आरोपियों ने छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों समेत देश के कई राज्यों में अपना जाल फैला रखा था।
आरोपियों से ये सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी के खेल में इस्तेमाल होने वाले निम्नलिखित सामान जप्त किए हैं:
01 लैपटॉप, बैग और चार्जर
01 प्रोजेक्टर और स्पीकर
05 मोबाइल फोन
03 डायरी और 01 नोटबुक (जिसमें लेनदेन का हिसाब दर्ज है)
01 ‘गेम चेंजर एकेडमी’ लिखी टी-शर्ट
गिरफ्तार आरोपियों की सूची:
कांता प्रसाद राजवाड़े (उम्र 27 वर्ष) – निवासी: सिंगीटाना, थाना लखनपुर
राजकुमार पैकरा (उम्र 42 वर्ष) – निवासी: पण्डरीडांड उदयपुर, थाना उदयपुर
जीवन साय टोप्पो (उम्र 36 वर्ष) – निवासी: महादेवटिकरा नावानगर, थाना दरिमा
फिरोज लकड़ा (उम्र 35 वर्ष) – निवासी: टपरकेला, थाना दरिमा
मुकेश कुमार गुप्ता (उम्र 46 वर्ष) – निवासी: अम्बे कॉलोनी, थाना गांधीनगर
(मामले में मुख्य साजिशकर्ता त्रिभुवन साहू और रमाशंकर साहू सहित अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।)
पुलिस की सख्त कार्रवाई और आम जनता से अपील
मामले में मणीपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 61(2) और 317(4) के तहत अपराध दर्ज कर सभी को न्यायालय में पेश किया है। यह पूरी कार्रवाई नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल (भा.पु.से.) के नेतृत्व में थाना प्रभारी सी. पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक राकेश मिश्रा, आरक्षक रामशंकर यादव, अनिल परिहार, अनिल सिंह एवं निरंजन बड़ा द्वारा की गई।
सरगुजा पुलिस की चेतावनी:
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान या अनधिकृत ऐप के जरिए रातों-रात पैसा दोगुना करने या अत्यधिक मुनाफे के लालच में न आएं। किसी भी क्रिप्टो करेंसी या शेयर मार्केट स्कीम में बिना जांच-परख के निवेश न करें। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में दें।

Share This Article
Leave a comment