सूरजपुर : जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। तहसील सूरजपुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम गेतरा में संचालित गायत्री भूमिगत परियोजना से प्रभावित भू-स्वामियों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक सूचना जारी की गई है। परियोजना के भूमि अधिग्रहण से प्रभावित हुए नागरिकों के पुनर्वास, विस्थापन और रोजगार से जुड़े मामलों को सुलझाने के लिए आयोजित होने वाली जिला स्तरीय पुनर्वास एवं पुनस्थापना समिति की बैठक की नई तारीखों का ऐलान कर दिया गया है।
पूर्व में निरस्त हुई थी बैठक
प्रशासनिक अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रभावित भू-स्वामियों को कोल इंडिया पुनर्वास एवं पुनस्थापना नीति 2012 के तहत लाभ और रोजगार प्रदान करने के उद्देश्य से पहले यह बैठक 20 मई 2026 को जिला संयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की जानी तय की गई थी। परंतु, कुछ अपरिहार्य और प्रशासनिक कारणों के चलते पूर्व में निर्धारित इस बैठक को स्थगित (निरस्त) करना पड़ा था।
अब 19 जून को होगा महामंथन
स्थगित हुई इस महत्वपूर्ण बैठक को लेकर प्रशासन ने नया शेड्यूल जारी किया है। अब यह जिला स्तरीय पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना समिति की बैठक 19 जून 2026 को शाम 4:30 बजे आयोजित की जाएगी। बैठक के लिए स्थान में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है, यह पूर्व की भांति जिला संयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में ही संपन्न होगी।
कोल इंडिया नीति 2012 के तहत मिलेंगे अधिकार
यह बैठक पूरी तरह से कोल इंडिया पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना नीति 2012 के प्रावधानों और नियमों के तहत गठित समिति द्वारा ली जा रही है। बैठक का मुख्य एजेंडा ग्राम गेतरा के उन भू-स्वामियों की समस्याओं और मांगों का निराकरण करना है जिनकी जमीनें गायत्री भूमिगत परियोजना के लिए अधिग्रहित की गई हैं। इसमें प्रभावित परिवारों के उचित पुनर्वास और नीति के अंतर्गत मिलने वाले रोजगार के दावों पर विस्तृत समीक्षा की जाएगी और अंतिम निर्णय लिए जाएंगे।
स्थानीय प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और प्रभावित भू-स्वामियों से अपील की है कि वे तय समय और तिथि पर जिला संयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि पुनर्वास की प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।
गायत्री भूमिगत परियोजना: प्रभावित भू-स्वामियों के पुनर्वास हेतु जिला स्तरीय समिति की बैठक अब 19 जून को
Leave a comment
Leave a comment

