सूरजपुर जिले में आज से ‘‘सघन कुष्ठ खोज अभियान‘‘ का शुभारंभ, 15 जुलाई तक चलेगा अभियान

Deshkibaat24
2 Min Read

सूरजपुर : छत्तीसगढ़ शासन, संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं के निर्देशानुसार सूरजपुर जिले में आज से ‘सघन कुष्ठ खोज अभियान‘ (एलडीसीडी – लेपरोसी केस डीटेक्शन कम्पेग्न) का शुभारंभ हो गया है। कुष्ठ रोग के उन्मूलन एवं इसके संक्रमण को समुदाय में रोकने के उद्देश्य से प्रारंभ यह अभियान 15 जुलाई 2026 तक संचालित रहेगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर भ्रमण कर कुष्ठ रोग के संभावित व्यक्तियों की पहचान की जाएगी, उनकी जांच एवं पुष्टि करवाई जाएगी तथा धनात्मक पाए गए रोगियों को राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम (एनएलईपी) एवं डब्लूएचओ मार्गदर्शिका के अनुसार पूर्ण एमडीटी उपचार निःशुल्क प्रदान किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत प्रत्येक सर्वे दल में दो सदस्य होंगे – प्रथम सदस्य के रूप में आरएचओ अथवा सीएचओ तथा द्वितीय सदस्य के रूप में मितानिन रहेंगी। ग्राम-वार माइक्रो प्लान तैयार किए जाएंगे तथा स्क्रीनिंग की संपूर्ण जानकारी मोबाइल ऐप एवं कुष्ठ खोज पोर्टल के माध्यम से रियल टाइम में दर्ज की जाएगी। पिछले वर्ष चिन्हित पॉजिटिव क्षेत्रों में शत-प्रतिशत घर-घर स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाएगी। अभियान की निगरानी जिला एवं विकासखंड स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम के माध्यम से की जाएगी तथा कुल घरों में से कम से कम 5 प्रतिशत का सत्यापन सुपरवाइजरी स्टाफ द्वारा किया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment