
बलरामपुर-रामानुजगंज : जिले के अंतर्गत आने वाले पस्ता थाना क्षेत्र की डवरा पुलिस चौकी में जमीन विवाद को लेकर एक सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है। यहाँ लिलौटी ग्राम में हिस्सा बंटवारे से नाराज एक व्यक्ति ने अपने ही सगे भाई और उसके नाती के साथ मिलकर एक वृद्ध की कुल्हाड़ी (टांगी) से मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्रधानमंत्री आवास में सोते समय किया हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी जीवन लाल ने डवरा चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पिता दिलबर का अपने भाइयों के साथ जमीन के हिस्से को लेकर विवाद चल रहा था। दिलबर के भाई नन्दकेश्वर रवि और परिवार के ही संजय कुमार रवि (मृतक के भाई का नाती) इस बंटवारे से असंतुष्ट थे। उन्हें शक था कि दिलबर ने अपने हिस्से में ज्यादा जमीन रख ली है।
इसी रंजिश के चलते 13 जून 2026 की शाम करीब 7:00 बजे, जब दिलबर खाना खाकर अपने प्रधानमंत्री आवास में अकेले सो रहे थे, तब आरोपियों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत उन पर हमला कर दिया। संजय कुमार रवि ने सोते हुए दिलबर के कान, गर्दन और बाएं हाथ की उंगली पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी गिरफ्तार
घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद डवरा चौकी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 332 और 61 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया:
संजय कुमार रवि (उम्र 32 वर्ष, निवासी लिलौटी)
नन्दकेश्वर रवि (उम्र 55 वर्ष, निवासी लिलौटी)
आरोपियों को 15 जून 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने और आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने में चौकी प्रभारी डवरा पुष्पराज सिंह, सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) रोपन राम पैकरा, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र सिंह, आरक्षक सौरभ केरकेट्टा, जीवन किशोर तिग्गा और बजरंग राम की महत्वपूर्ण और सक्रिय भूमिका रही।

