
दतिमामोड़/भटगांव :(मोहिबुल हसन लोलो) सूरजपुर जिले के विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। झूमरपारा ग्राम पंचायत के मंदिर चौक से करंजी रेलवे साइडिंग तक लगभग 2.80 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए 5 करोड़ 13 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने अपने सीएसआर (CSR) मद से इस परियोजना को मंजूरी दी है।
35 वर्षों का लंबा इंतजार हुआ खत्म
स्थानीय लोगों के अनुसार, लगभग 35 वर्ष पहले जब भटगांव क्षेत्र में रेल परिचालन की शुरुआत हुई थी, तब इस मार्ग का महत्व काफी बढ़ गया था। हालांकि, बीते लंबे समय से रखरखाव के अभाव में सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी थी। खस्ताहाल सड़क के कारण इस मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे थे, जिससे कई अनकही दुखद घटनाएं भी हुईं। ग्रामीण लंबे समय से इस सड़क के नवीनीकरण की मांग कर रहे थे।
जनप्रतिनिधियों की पहल लाई रंग
क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधियों के निरंतर प्रयासों और कलेक्टर सूरजपुर के सहयोग से इस प्रस्ताव को SECL बोर्ड की 364वीं बैठक में प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई। आज जनप्रतिनिधियों ने भटगांव क्षेत्र के महाप्रबंधक (GM) से मुलाकात कर इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए ज्ञापन सौंपा और आभार व्यक्त किया। SECL प्रबंधन द्वारा इस संबंध में जिला प्रशासन और कलेक्टर को आधिकारिक पत्र भी प्रेषित कर दिया गया है।
ओपन टेंडर के माध्यम से होगा कार्य
दस्तावेजों के अनुसार, इस सड़क का निर्माण SECL के सिविल विभाग द्वारा ‘ओपन टेंडर’ की प्रक्रिया के माध्यम से कराया जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण (CGRRDA) और जिला प्रशासन का भी सहयोग रहेगा।
सड़क की मंजूरी मिलने की खबर से झूमरपारा और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र में होने वाली दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।

