सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: SECL भटगांव से कोयला चोरी करते दो गिरफ्तार, ओमनी कार जब्त

Deshkibaat24
2 Min Read

सूरजपुर। जिले में अवैध गतिविधियों और कोयला चोरी के खिलाफ पुलिस का अभियान निरंतर जारी है। हालिया मामले में सूरजपुर पुलिस ने भटगांव क्षेत्र से कोयला चोरी करते हुए दो युवकों को रंगे हाथों पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक ओमनी कार और भारी मात्रा में कोयला बरामद किया है।
बाउंड्री फांदकर की थी चोरी
पुलिस के अनुसार, SECL भटगांव के सुरक्षा प्रहरी मानवेन्द्र प्रताप सिंह ने थाना भटगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 17 मार्च 2026 की रात को भटगांव सब एरिया के CHP कोयला डम्प साइडिंग की बाउंड्री के अंदर घुसकर चोरों द्वारा कोयला चोरी की जा रही है।
घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
डीआईजी और एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। भटगांव थाना प्रभारी मनोज सिंह और उनकी टीम ने मौके पर दबिश देकर एक मारुति ओमनी कार (क्रमांक CG 14 CT 0412) सहित दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
खुशबूद्दीन अंसारी (20 वर्ष), निवासी मलगा।
समीउल्ला अंसारी (19 वर्ष), निवासी दतिमा।
बरामदगी और कानूनी कार्रवाई
तलाशी के दौरान वाहन के अंदर से 7 बोरी कोयला बरामद किया गया, जिसका वजन करीब 8 क्विंटल और बाजार मूल्य लगभग 8 हजार रुपये आंका गया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कोयला चोरी की बात स्वीकार की।
पुलिस ने मामले में प्रयुक्त कार और चोरी का कोयला जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए), 331(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में भटगांव पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।

Share This Article
Leave a comment