Reading:
*राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 10 से 25 फरवरी 2026 तक ’’सामूहिक दवा सेवन’’ अभियान को सफल बनाने हेतु किया गया बैठक*
*सूरजपुर/04 फरवरी 2026/* कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.डी. पैकरा के मार्गदर्शन में फाईलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत ‘‘सामूहिक दवा सेवन’’ के तहत जिला सूरजपुर के 03 विकासखण्ड सूरजपुर, रामानुजनगर तथा प्रेमनगर में 10 से 25 फरवरी 2026 तक फाइलेरिया की दवा खिलाया जायेगा।
जिला सूरजपुर में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत लिम्फेटिक फाइलेरियासिस (हाथीपांव) रोग के पूर्ण उन्मूलन के उद्देश्य से सामूहिक दवा सेवन (Mass Drug Administration & MDA) अभियान 10 फरवरी 2026 से 25 फरवरी 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस अभियान की सफलता एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कलेक्टरएवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सूरजपुर के मार्गदर्शन में एक महत्वपूर्ण समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य अभियान के दौरान शत-प्रतिशत कवरेज एवं सुनिश्चित दवा सेवन सुनिश्चित करना था, ताकि जिले में फाइलेरिया संक्रमण की श्रृंखला को प्रभावी रूप से रोका जा सके। अभियान के दौरान DEC+Albendazole+Ivermectin (एकल खुराक) की फाइलेरिया रोधी दवाएं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर एवं बूथ स्तर पर निःशुल्क खिलाई जाएंगी। दवा का सेवन स्वास्थ्य कर्मी की प्रत्यक्ष निगरानी में ही कराया जाएगा। 02 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र व्यक्ति (गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर बीमार व्यक्तियों को छोड़कर) अभियान के लाभार्थी होंगे।
विशेष रूप से 10-12 फरवरी को बूथ डे के रूप में अधिक से अधिक लोगों को बूथ पर आकर दवा सेवन कराने पर जोर दिया जाएगा, उसके पश्चात घर-घर सर्वेक्षण एवं छूटे हुए लाभार्थियों को कवर किया जाएगा। अभियान की सफलता के लिए आशा कार्यकर्ताओं, एएनम स्वयंसेवकों एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। दवा, प्रशिक्षण एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने कहा है कि फाइलेरिया एक रोकथाम योग्य रोग है। यदि हम सभी मिलकर इस अभियान में पूर्ण सहयोग करें और अधिक से अधिक लोग दवा का सेवन करें, तो सूरजपुर जिला शीघ्र ही फाइलेरिया मुक्त हो सकता है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे स्वास्थ्य कर्मियों का पूर्ण सहयोग करें तथा निर्धारित अवधि में दवा अवश्य लें।
सीएमएचओ ने बताया कि यह अभियान भारत सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं एनसीवीबीडीसी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चलाया जा रहा है। जिले में लक्षित आबादी के 90 प्रतिशत से अधिक कवरेज का लक्ष्य रखा गया है, क्योंकि लगातार कुछ वर्षों तक उच्च कवरेज से ही रोग का उन्मूलन संभव है।
जनता से अपील-
सूरजपुर जिले के सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे 10 फरवरी से 25 फरवरी 2026 के बीच अपने क्षेत्र में आने वाले स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से दवा अवश्य लें और उनकी देखरेख में दवा का सेवन करें। यह आपके परिवार एवं समाज की सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, आशा कार्यकर्ता या सीएमएचओ कार्यालय से संपर्क कर सकतें हैं।