सूरजपुर : जिले अंतर्गत चौकी बसदेई पुलिस ने जमीन विवाद को लेकर हुए एक जानलेवा हमले के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लगातार चकमा देकर भाग रहे आरोपी असलम अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से ही आरोपी पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग शहरों में छिपता फिर रहा था। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
जानिए क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जूर की रहने वाली हसीना बीबी ने चौकी बसदेई में शिकायत दर्ज कराई थी। हसीना बीबी के अनुसार, उनके परिवार का अयूब अंसारी के परिवार के साथ काफी समय से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। 14 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5:00 बजे हसीना बीबी अपने ससुर सफी अहमद और बहू सहेबा के साथ खेत में बने झाले की खाट पर बैठी हुई थीं। उसी दौरान अयूब अंसारी, उसकी पत्नी, उसके दोनों बेटे और भतीजा असलम अंसारी एकजुट होकर लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे। आरोपियों ने पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए विवाद करने लगे।
बीच-बचाव करने आए पति पर किया जानलेवा हमला
विवाद का शोर सुनकर हसीना बीबी का पति मोहम्मद यासीन दौड़ते हुए मौके पर पहुंचा। उसे देखते ही अयूब अंसारी, उसकी पत्नी, बेटे और भतीजे असलम अंसारी ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने मोहम्मद यासीन के साथ गाली-गलौज करते हुए डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में मोहम्मद यासीन के सिर पर गंभीर और प्राणघातक चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बीच-बचाव करने आई बहू सहेबा, भांजे और ससुर सफी अहमद के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल मोहम्मद यासीन को इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर ले जाया गया।
पुलिस की मुस्तैदी और एफआईआर दर्ज
हसीना बीबी की रिपोर्ट पर बसदेई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 244/2026 दर्ज किया। यह मामला बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 296(बी), 351(3), 115(2), 191(1), 191(2), 109 एवं 249 के तहत पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने आरोपियों की जल्द से जल्द पतासाजी कर उन्हें गिरफ्तार करने के कड़े निर्देश दिए।
भोपाल तक छिपा रहा आरोपी, सरमा से हुआ गिरफ्तार
चौकी बसदेई प्रभारी योगेंद्र जायसवाल की अगुवाई में पुलिस टीम ने विवेचना शुरू की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि घटना का एक आरोपी असलम अंसारी (29 वर्ष, पिता स्व. अनवर हुसैन, निवासी जूर मियांपारा) ग्राम सरमा में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए सरमा गांव में दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी असलम अंसारी को धर दबोचा।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि जमीन विवाद के कारण उसने अपने परिजनों के साथ मिलकर मोहम्मद यासीन, सफी अहमद, हसीना बीबी, सद्दाम और सायरा खातून पर हमला किया था। आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि घटना को अंजाम देने के बाद वह अंबिकापुर, दंतेवाड़ा और भोपाल में नाम बदलकर छिपता रहा। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश सरगर्मी से जारी है।
सूरजपुर में जमीन विवाद पर खूनी संघर्ष: जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी असलम अंसारी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
Leave a comment
Leave a comment

