अंबिकापुर | सरगुजा जिले में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर कड़ा प्रहार किया है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में रघुनाथपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर गांजा तस्करी कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 किलो गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक लग्जरी कार बरामद की है।
मुखबिर की सूचना पर एनएच-43 पर घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि लैलूंगा (रायगढ़) की ओर से एक सफेद रंग की आई-20 कार (क्रमांक CG 10 AL 8571) में सवार तीन युवक भारी मात्रा में गांजा लेकर ग्राम गंगापुर आ रहे हैं। ये तस्कर स्थानीय निवासी मुरारी लाल चौबे को गांजे की डिलीवरी देने वाले थे। सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर ग्राम गंगापुर के पास एनएच-43 पर जाल बिछाया गया।
लेन-देन करते रंगे हाथों पकड़े गए आरोपी
पुलिस टीम जब मौके पर पहुँची, तो खेत के किनारे कार खड़ी मिली जहाँ चार व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में सामान का लेन-देन कर रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर कार की डिक्की से 2 किलो और आरोपी मुरारी लाल चौबे के बैग से 2 किलो, कुल 04 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
जब्त सामान की कीमत 4.86 लाख रुपये
पुलिस ने कार्यवाही के दौरान निम्नलिखित मशरूका जब्त किया है:
अवैध गांजा: 04 किलोग्राम (कीमत ₹36,000/-)
वाहन: सफेद आई-20 कार (कीमत ₹4,00,000/-)
मोबाइल: 06 नग स्मार्टफोन (कीमत ₹50,000/-)
कुल जप्ती: लगभग 4,86,000 रुपये।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
हेमसागर यादव (26 वर्ष): निवासी लैलूंगा, जिला रायगढ़।
खीरो यादव (25 वर्ष): निवासी तुमला, जिला जशपुर।
भूपेंद्र यादव (24 वर्ष): निवासी लैलूंगा, जिला रायगढ़।
मुरारी लाल चौबे (35 वर्ष): निवासी गंगापुर, जिला सरगुजा।
कड़ी धाराओं में मामला दर्ज
आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे रायगढ़ के लैलूंगा क्षेत्र से गांजा लाकर सरगुजा के स्थानीय इलाकों में खपाने की योजना बना रहे थे। रघुनाथपुर चौकी (थाना लुण्ड्रा) में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 39/26, धारा 20(B) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
कार्यवाही में शामिल टीम:
इस सफल कार्यवाही में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक आर. एन. पटेल, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, जयदीप सिंह, चंद्रभूषण तिवारी और आरक्षक जितेश साहू, मनीष सिंह समेत पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सरगुजा पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: लैलूंगा से गांजा लेकर आ रहे तस्कर गिरफ्तार, i20 कार समेत 4.86 लाख का सामान जब्त
Leave a comment
Leave a comment

