सरगुजा जिले के थाना बतौली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झरगवां में हुई चोरी की वारदात को पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर सुलझा लिया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के कड़े निर्देशों के बाद एक्शन में आई बतौली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का मशरूका और घटना में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।
चोरी के दौरान रंगे हाथ पकड़े गए थे चोर
घटना 06 मार्च 2026 की शाम की है। प्रार्थी राजेश गुप्ता (साकिन झरगवां मेनरोड) अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। रात करीब 10:00 बजे जब वे वापस लौटे, तो देखा कि घर के चैनल गेट और दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर बेडरूम में दो चोर आलमारी तोड़कर जेवर और पैसे निकाल रहे थे। राजेश गुप्ता ने सूझबूझ दिखाते हुए कमरा बाहर से बंद कर दिया और मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन चोर खिड़की के रास्ते और घर का पिछला दरवाजा तोड़कर भागने में सफल रहे।
डॉग स्क्वाड और साइबर सेल की मदद से मिली कामयाबी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बतौली में अपराध क्रमांक 30/26, धारा 305(ए), 331(4), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान घटनास्थल पर डॉग स्क्वाड को बुलाया गया। पुलिस टीम और डॉग स्क्वाड के सतत प्रयासों से संदेहियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।
आरोपियों ने कुबूला जुर्म
पकड़े गए आरोपियों की पहचान विवेक मरावी (21 वर्ष) और मुकेश मरावी (20 वर्ष), दोनों निवासी देवरी डुमरपारा के रूप में हुई है। कड़ी पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
8350 रुपये नगद।
चांदी के पायल और बिछिया (कुल मशरूका कीमती लगभग 15,000 रुपये)।
घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का रॉड और लोहे की डाई बरामद की है।
टीम की सक्रिय भूमिका
इस त्वरित कार्यवाही में थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक संजय गुप्ता, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, जयदीप सिंह, आरक्षक जितेश साहू, मनीष सिंह और डॉग स्क्वाड की मुख्य भूमिका रही। आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

