अंबिकापुर/बतौली | 08 मार्च 2026
सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में सक्रिय चोरों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में कार्रवाई करते हुए बतौली पुलिस ने क्षेत्र की दो प्रमुख दुकानों में हुई चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी अशोक मरावी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की कुछ रकम बरामद की है।
क्या था मामला?
बीते 3 मार्च को बतौली मेन रोड स्थित दो व्यापारियों ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
संतोष गुप्ता (जय माता दी एग्रो) ने बताया कि उनकी कृषि दुकान का ताला तोड़कर काउंटर से 70 हजार रुपये पार कर दिए गए थे।
योगेश गुप्ता (मंजू साड़ी एवं हरि फैशन) ने रिपोर्ट दी कि उनकी दुकान से 50 हजार रुपये नगद सहित साड़ियां और शर्ट-पेंट चोरी हुए हैं।
पुलिस ने इन शिकायतों पर अपराध क्रमांक 28/26 और 29/26 के तहत बीएनएस (BNS) की धाराओं 305(ए), 331(4) और 238 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
ऐसे पकड़ा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। थाना प्रभारी विवेक सेंगर के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिरों की मदद ली। संदेह के आधार पर अशोक मरावी (43 वर्ष), निवासी देवरी डुमरपारा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने दोनों दुकानों में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने पकड़े जाने के डर से चोरी किए गए कपड़ों (साड़ी, शर्ट, पेंट) को जला दिया था और अधिकांश नगद राशि खर्च कर दी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शेष 2500 रुपये बरामद किए हैं।
आदतन अपराधी है अशोक
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अशोक मरावी एक आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
टीम की भूमिका
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी विवेक सेंगर, सहायक उप निरीक्षक संजय गुप्ता, नारायण सिंह मरावी, प्रधान आरक्षक रविश लकड़ा, अनूप कुजूर, वीरेंद्र बंजारे, आरक्षक राजू कुजूर, जोगी बड़ा और हिंमाशु पाण्डेय की सक्रिय भूमिका रही।
बतौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो दुकानों में चोरी करने वाला आदतन अपराधी गिरफ्तार, नगद बरामद
Leave a comment
Leave a comment

