बलरामपुर: कुसमी थाना क्षेत्र के चर्चित अफीम कांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। ग्राम त्रिपुरी घोसराडांड़ में करोड़ों रुपये की अफीम उगाने के मामले में फरार चल रहे नौवें आरोपी को पुलिस ने बिहार के गया जिले से धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपी के तार अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं।
कुसमी में अफीम की खेती का हुआ था पर्दाफाश
विगत 10-11 मार्च 2026 को कुसमी पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम त्रिपुरी घोसराडांड़ में बड़ी रेड कार्यवाही की थी। यहाँ रूपदेव भगत और कौशिल भगत के खेतों में अवैध रूप से अफीम की विशाल खेती पाई गई थी। पुलिस ने मौके से 4344.569 किलोग्राम अफीम जब्त की थी, जिसे 244 बोरियों में भरकर ले जाया जा रहा था। इस भारी खेप की कीमत बाजार में 4 करोड़ 75 लाख रुपये आंकी गई थी।
लगातार पीछा कर पुलिस ने बिहार में दी दबिश
मामले में आठ आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी, लेकिन आरोपी रोहन सिंह, पिता मटूक सिंह भोक्ता (निवासी ग्राम सोमिया, बाराचट्टी, गया) लगातार ठिकाने बदल रहा था। कुसमी पुलिस की टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी का पीछा किया और बिहार के गया जिले में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कुसमी लाकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इन आरोपियों पर हुई अब तक कार्रवाई
कुसमी पुलिस ने इस सिंडिकेट को तोड़ते हुए अब तक निम्नलिखित आरोपियों को जेल भेजा है:
स्थानीय आरोपी (बलरामपुर/जशपुर): रूपदेव राम भगत, कौशिल भगत, जिरमल मुण्डा और कृष्णा सिंह।
बाहरी तस्कर (बिहार/झारखंड): मनोज कुमार, उपेन्द्र कुमार, विन्देश्वर, पैरू सिंह भोक्ता और अब रोहन सिंह।
कुसमी पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: 4.75 करोड़ के अफीम कांड का एक और मास्टरमाइंड बिहार से गिरफ्तार
Leave a comment
Leave a comment

