अवैध संबंध के शक में हत्या: पति-पत्नी ने घर के अंदर गड्ढे में गाड़ दी थी लाश, पुलिस ने खोदकर निकाला शव

Deshkibaat24
3 Min Read

अंबिकापुर _जिला सरगुजा के गांधीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत भगवानपुर खुर्द में हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। अवैध संबंध की आशंका में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अपने ही परिचित की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को घर के भीतर सुअर पालन के लिए बने गड्ढे में दफना दिया था। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब पीने के विवाद से शुरू हुई कहानी
मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपी मिथलेश कुजूर ने स्वयं थाने पहुंचकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने बताया कि 31 मार्च की रात बृजलाल अगरिया उसके घर आया था और शराब पीने की जिद को लेकर हुए विवाद में हाथापाई के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि, जब पुलिस ने डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में कड़ाई से पूछताछ की, तो हत्या की असली वजह कुछ और ही निकली।
शक और आवेश में की हत्या
पूछताछ में आरोपी मिथलेश कुजूर ने स्वीकार किया कि उसे मृतक बृजलाल अगरिया और अपनी पत्नी राजकुमारी के बीच अवैध संबंध होने का संदेह था। घटना वाले दिन उसने दोनों को साथ देख लिया, जिससे आवेश में आकर उसने लाठी से बृजलाल के सिर पर वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण बृजलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
घर के अंदर ही बना दिया कब्रिस्तान
हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए मिथलेश ने अपनी पत्नी राजकुमारी की मदद ली। दोनों ने मिलकर शव को घर के भीतर बने सुअर पालन के गड्ढे में डाल दिया। इसके बाद गड्ढे को लकड़ी के ढक्कन से ढककर ऊपर से मिट्टी डाल दी ताकि किसी को भनक न लगे। पुलिस ने तहसीलदार की मौजूदगी में खुदाई करवाकर शव को बरामद किया, जिसकी पहचान बृजलाल के परिजनों ने की।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के मार्गदर्शन में गांधीनगर पुलिस टीम (उप निरीक्षक दिलीप दुबे व अन्य) ने त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने निम्नलिखित सामान जब्त किया है:
घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा।
शव दफनाने में इस्तेमाल किया गया फावड़ा।
मृतक का टूटा हुआ मोबाइल।
घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े।
गिरफ्तार आरोपी:
मिथलेश कुजूर (41 वर्ष), निवासी भगवानपुर खुर्द।
राजकुमारी (34 वर्ष), निवासी भगवानपुर खुर्द।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।

Share This Article
Leave a comment