अंबिकापुर: अस्पताल और बाजारों से बाइक उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार; 1.5 लाख की मोटरसाइकिलें बरामद

Deshkibaat24
3 Min Read

अंबिकापुर : जिला पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। मणिपुर थाना पुलिस ने मोटर साइकिल चोरी के तीन अलग-अलग प्रकरणों को सुलझाते हुए दो अंतरराज्यीय स्तर के शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी बाजार में कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये आंकी गई है।
अस्पताल की पार्किंग से शुरू हुई जांच
मामले का खुलासा तब हुआ जब बृजलाल पैंकरा (निवासी असोला) ने मणिपुर थाने में अपनी बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। 30 अक्टूबर 2025 को बृजलाल अपने बीमार भाई के लिए खाना लेकर जिला अस्पताल अंबिकापुर गए थे। उन्होंने अपनी सीडी डिलक्स (CG 15 CK 6337) अस्पताल के स्टैंड में खड़ी की थी, जहां से अज्ञात चोरों ने उसे पार कर दिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(3) और 111(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी
डीआईजी और एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के कड़े निर्देश के बाद थाना प्रभारी सी.पी. तिवारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मुखबिरों से मिली पक्की सूचना के आधार पर पुलिस ने पुराने अपराधियों पर नजर रखी। संदेह के आधार पर सद्दाम हुसैन (29 वर्ष, निवासी ग्राम बकना) और राम बहादुर दास उर्फ बहादुर (26 वर्ष, निवासी ग्राम डंडगांव) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
सालों से कर रहे थे चोरी, पैसे आपस में बांटते थे
पुलिसिया पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि वे दीपक प्रजापति के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह चला रहे थे। पूछताछ में निम्नलिखित खुलासे हुए:
अक्टूबर 2025: जिला अस्पताल अंबिकापुर से हीरो होंडा सीडी डिलक्स चोरी की।
फरवरी 2026: चांदो बाजार (लखनपुर) से स्प्लेंडर चोरी की।
मार्च 2026: बुधवारी बाजार (अजिरमा) से होंडा ड्रीम युगा चोरी की।
अप्रैल 2026: बरडी गांव (धौरपुर) से एक हीरो एचएफ डिलक्स चोरी की।
आरोपी चोरी की गई गाड़ियों को बेचकर मिलने वाली रकम को आपस में बराबर बांट लेते थे। मामले का एक अन्य आरोपी दीपक प्रजापति पहले ही अन्य मामले में जेल भेजा जा चुका है।
बरामदगी और गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 02 नग एचएफ डिलक्स और 01 नग होंडा ड्रीम युगा बरामद की है। सद्दाम हुसैन और राम बहादुर दास को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कार्यवाही में शामिल टीम
इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में मणिपुर थाना प्रभारी सी.पी. तिवारी, अनिल सिंह, अनिल पाण्डेय, नरेन्द्र जांगडे, उमाशंकर साहू, सत्येन्द्र दुबे, निरंजन बड़ा, रमाशंकर यादव और दिनेश यादव की भूमिका रही।
वहीं साइबर सेल से प्रभारी अजीत मिश्रा, भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, मनीष सिंह, अशोक यादव के साथ लखनपुर थाने से अजय पाण्डेय, जगेश्वर बघेल और गांधीनगर थाने से विरेन्द्र कुजूर, राहुल सिंह एवं रमन मण्डल ने सक्रिय योगदान दिया।

Share This Article
Leave a comment