सूरजपुर : जिले में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में सूरजपुर जिले में खेलकूद, जागरूकता और शैक्षणिक प्रतियोगिताओं की श्रृंखला चलाई जा रही है। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में युवाओं एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता के साथ विविध कार्यक्रमों […]
सूरजपुर : जिले में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में सूरजपुर जिले में खेलकूद, जागरूकता और शैक्षणिक प्रतियोगिताओं की श्रृंखला चलाई जा रही है। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में युवाओं एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता के साथ विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में जिले के लटोरी एवं कुदरगढ़ चौकी क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन द्वारा मैराथन दौड़ और निबंध प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय निवासियों और स्कूली छात्रों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।
ग्राम चंदौरीडांड से लटोरी तक 5 किलोमीटर की मैराथन दौड़
चौकी प्रभारी लटोरी सुनील सिंह की देखरेख और मार्गदर्शन में ग्राम चंदौरीडांड से लटोरी तक 5 किलोमीटर लंबी मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, शारीरिक स्वास्थ्य और अनुशासन को बढ़ावा देना था। मैराथन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए धावकों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मैराथन के परिणाम और विजेता:
प्रथम स्थान: राहुल यादव (निवासी: ग्राम अजबनगर)
द्वितीय स्थान: शिवशंकर (निवासी: ग्राम डुमरिया)
तृतीय स्थान: गणेश सिंह (निवासी: ग्राम लटोरी बिहारपुर)
प्रतियोगिता समाप्त होने के पश्चात विजेता धावकों को पुलिस विभाग की ओर से मेडल और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
12 वर्षीय बाल धावक घनश्याम कुशवाहा बने आकर्षण का केंद्र
मैराथन दौड़ के दौरान ग्राम जगतपुर के रहने वाले 12 वर्षीय घनश्याम कुशवाहा ने अपनी बेहतरीन दौड़ और अद्भुत ऊर्जा से सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इतनी कम उम्र में 5 किलोमीटर की कठिन दौड़ में उत्साहपूर्वक भाग लेने पर पुलिस प्रशासन द्वारा उनका विशेष रूप से उत्साहवर्धन किया गया और उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
हाईस्कूल धूर में निबंध प्रतियोगिता: 123 छात्रों ने लिया भाग
दूसरी ओर, चौकी प्रभारी कुदरगढ़ संजय यादव के नेतृत्व में शासकीय हाईस्कूल धूर में एक बौद्धिक निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का विषय ‘सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान’ रखा गया था।
विद्यालय के छात्रों में इस प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखा गया और कुल 123 छात्र-छात्राओं ने अपनी लेखनी के माध्यम से सरदार पटेल के आदर्शों पर विचार व्यक्त किए।
निबंध प्रतियोगिता के परिणाम:
प्रथम स्थान: चंदन सिंह
द्वितीय स्थान: जितेन्द्र राजवाड़े
तृतीय स्थान: संत कुमारी
कार्यक्रम के अंत में विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य जवाहर लाल पटेल सहित अन्य शिक्षकगण और पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।
युवाओं में राष्ट्र निर्माण और अनुशासन की भावना विकसित करना उद्देश्य
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने मैराथन दौड़ और निबंध प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर खुशी जाहिर की। उन्होंने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को देश के महान व्यक्तित्वों के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि खेल और शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में राष्ट्र निर्माण, अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना मजबूत होती है, जो एक सशक्त समाज के निर्माण में सहायक है।