IMG-20261121-WA0006

सूरजपुर, 21 नवंबर 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत ‘आवास प्लस 2.0’ अभियान के माध्यम से सूरजपुर जिले के 14,168 ग्रामीण परिवारों के पक्के घर का सपना अब साकार होने जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले को प्राप्त इस नए और बड़े लक्ष्य के अनुरूप पात्र हितग्राहियों को आवास स्वीकृति देने तथा उनके बैंक खातों में राशि हस्तांतरित करने की प्रशासनिक प्रक्रिया युद्धस्तर पर जारी है।
अब तक 1,500 से अधिक आवासों को मिली मंजूरी
भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ राज्य शासन के दिशानिर्देशों के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों के सर्वेक्षण से लेकर स्थायी प्रतीक्षा सूची तैयार करने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। कलेक्टर रेना जमील एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य को समय-सीमा में पूरा करने के लिए तेजी से कार्यवाही की जा रही है। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, जिले में अब तक 1,500 से अधिक पात्र हितग्राहियों के आवासों को विधिवत स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है, जबकि शेष पात्र परिवारों की स्वीकृति की प्रक्रिया निरंतर जारी है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आवास की स्वीकृति मिलते ही बिना किसी विलंब के हितग्राहियों के बैंक खातों में प्रथम किस्त की राशि अंतरित की जाए, ताकि मकान निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके।
विकासखंडवार आवंटित किए गए आवासों का विवरण
जिले के सभी छह विकासखंडों में पात्र परिवारों की संख्या के आधार पर आवासों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसका विवरण निम्नानुसार है:

विकासखंड (ब्लॉक)स्वीकृत किए जाने वाले आवासों की संख्या
प्रतापपुर3,280
रामानुजनगर2,746
सूरजपुर2,696
भैयाथान1,931
ओड़गी1,815
प्रेमनगर1,700
कुल योग14,168

ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध है सूची, पांच बिंदुओं पर हो रहा ऑनलाइन सत्यापन
आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत तैयार की गई स्थायी प्रतीक्षा सूची के आधार पर भारत सरकार द्वारा पोर्टल के माध्यम से ग्राम पंचायतवार प्राथमिकता तय की गई है। पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से हितग्राहियों की यह सूची संबंधित जनपद पंचायतों के माध्यम से सभी ग्राम पंचायत सचिवों और ग्राम रोजगार सहायकों को उपलब्ध करा दी गई है। ग्रामीणजन अपनी संबंधित ग्राम पंचायत में जाकर इस सूची का अवलोकन कर सकते हैं।
योजना में किसी भी प्रकार की त्रुटि या अपात्रता को रोकने के लिए आवास स्वीकृति से पूर्व पोर्टल पर प्रत्येक हितग्राही के अभिलेखों का पांच महत्वपूर्ण बिंदुओं पर ऑनलाइन सत्यापन अनिवार्य किया गया है। इनमें जियोटैगिंग, जॉब कार्ड मैपिंग, आधार सीडिंग, ई-केवाईसी तथा एआई वैलिडेशन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, वीबी-जी राम जी के माध्यम से हितग्राहियों के जॉब कार्ड में आवश्यक सुधार करने एवं नए जॉब कार्ड बनाने की प्रक्रिया भी समानांतर रूप से चलाई जा रही है, ताकि किसी भी पात्र परिवार को तकनीकी कारणों से योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े।
बिचौलियों से सावधान रहने की अपील, हेल्पलाइन नंबर जारी
जिला प्रशासन ने जिले के समस्त ग्रामीण हितग्राहियों से अपील की है कि आवास की स्वीकृति, स्थायी सूची में नाम जुड़वाने अथवा किस्त की राशि जारी कराने के एवज में किसी भी व्यक्ति, कर्मचारी या बिचौलिए को एक भी रुपया देने की आवश्यकता नहीं है। यह पूरी प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क एवं पारदर्शी है। यदि कोई व्यक्ति योजना का लाभ दिलाने के नाम पर राशि की मांग करता है, तो ग्रामीण उसके झांसे में न आएं और तत्काल प्रशासन को सूचित करें। शिकायत दर्ज कराने के लिए जिला स्तरीय हेल्पलाइन नंबर 9244049285 जारी किया गया है। इसके अलावा हितग्राही सीधे संबंधित जनपद पंचायत अथवा जिला पंचायत कार्यालय में उपस्थित होकर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
आवास पूर्णता में सूरजपुर जिले ने प्रदेश में हासिल किया द्वितीय स्थान
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन में सूरजपुर जिला पूरे छत्तीसगढ़ में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। जिले में अब तक कुल 72,365 स्वीकृत आवासों के विरुद्ध 67,021 आवासों का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इस प्रकार जिले का कुल आवास पूर्णता प्रतिशत 92.62 तक पहुंच गया है, जबकि शेष आवास निर्माणाधीन हैं। वित्तीय वर्ष 2024-26 की आवास पूर्णता उपलब्धि के आधार पर सूरजपुर जिले ने पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

Disclaimer

वेब पोर्टल पर लगी सभी खबरों (फोटो, वीडियो, ऑडियो, कंटेंट) की पूर्ण जिम्मेदारी खबर भेजने वाले संवाददाता की ही होगी। संवाददाता की खबर से जुड़ी किसी भी प्रकार की वैधानिक कार्यवाही हेतु संवाददाता ही जिम्मेदार होंगे। अतः खबर की सत्यता की जांच करने के पश्चात ही खबर भेजें। वेब पोर्टल के प्रधान संपादक व संपादक इस हेतु जिम्मेदार नहीं होंगे।

संपादक: मोहम्मद गयासुद्दीन 7089858854

सह संपादक: निजामुद्दीन खान 9977896417

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *