शिव महापुराण कथा के समापन पर उमड़ा आस्था का सैलाब, कृषि मंत्री राम विचार नेताम वर्चुअल रूप से जुड़े

Deshkibaat24
3 Min Read

रामानुजगंज : सावन के पवित्र महीने में काका लरंगसाय टाउन हॉल परिसर में आयोजित सात दिवसीय शिव महापुराण कथा का सोमवार को बेहद भक्तिमय और श्रद्धापूर्ण माहौल में समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन रामानुजगंज और आसपास के इलाकों से श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। भीड़ इतनी अधिक थी कि मुख्य पंडाल पूरी तरह खचाखच भर गया, जिसके चलते सैकड़ों लोगों को पंडाल के बाहर और परिसर के आसपास खड़े होकर कथा सुननी पड़ी।
कथा के समापन अवसर पर क्षेत्रीय विधायक और कृषि मंत्री राम विचार नेताम मुख्य रूप से वर्चुअल माध्यम के जरिए जुड़े। उन्होंने व्यास पीठ को नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में नेताम ने कहा कि उनकी प्रबल इच्छा थी कि वे अपनी पत्नी के साथ कथा स्थल पर स्वयं उपस्थित हों, लेकिन क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश और कुछ अति-आवश्यक शासकीय कार्यों की व्यस्तता के कारण वे प्रत्यक्ष रूप से नहीं पहुंच सके। उन्होंने इस सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के भव्य धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ बनाते हैं।
सात दिनों तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिन श्रीधाम वृंदावन से पधारे कथावाचक कुंज बिहारी जी महाराज ने शिव महापुराण की पावन कथा का रसपान कराया। उनके मुखारविंद से कथा सुनते समय श्रद्धालु पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आए। पूरे कथा परिसर में लगातार ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयघोष गूंजते रहे। कथा का श्रवण करने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे पहुंचे थे।
अंतिम दिन उमड़ी अप्रत्याशित भीड़ को देखते हुए व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल स्वयं मैदान में उतरे। वे आयोजन समिति के सदस्यों और स्थानीय नगरवासियों के साथ मिलकर श्रद्धालुओं के बैठने, आवागमन और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाओं का प्रबंधन करते रहे, जिससे किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
सात दिनों तक चले इस शिव महापुराण कथा आयोजन ने पूरे रामानुजगंज नगर को शिवमय और भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया। अंतिम दिन उमड़े हजारों श्रद्धालुओं के जनसैलाब ने भगवान शिव के प्रति क्षेत्रवासियों की गहरी आस्था, निष्ठा और अटूट भक्ति को एक बार फिर से रेखांकित किया।

Share This Article
Leave a comment