मोहिबुल हसन (लोलो)
दतिमा मोड़ : जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2026 में पंजीकृत बच्चों को उत्कृष्ट मार्गदर्शन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संकुल केंद्र दतिमा 1 एवं दतिमा 2 में संकुल स्तरीय विशेष अध्ययन केंद्र “नवांकुर” का औपचारिक शुभारंभ किया गया। यह पहल कलेक्टर के मार्गदर्शन, जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मिशन समन्वयक के दिशा-निर्देशों तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड स्रोत समन्वयक के संयुक्त एवं समेकित प्रयासों से संभव हुई है।
कार्यक्रम का शुभारंभ संकुल केंद्र दतिमा 1 एवं 2 में संकुल प्राचार्य जयश्री विजय द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर औपचारिक रूप से किया गया।
सप्ताह में एक दिन लगेगी ऑफलाइन विशेष कक्षा
नवांकुर अध्ययन केंद्र के तहत संकुल केंद्र दतिमा 1 के अंतर्गत प्राथमिक शाला डबरी पारा में क्षेत्र की सभी प्राथमिक शालाओं के पंजीकृत बच्चे प्रत्येक शनिवार को सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक ऑफलाइन माध्यम से अध्ययन केंद्र में उपस्थित होंगे। यहाँ विशेष कक्ष में बच्चों को संबंधित पाठ्यक्रम के कठिन बिंदुओं एवं अवधारणाओं का समाधान विषय शिक्षकों द्वारा कराया जाएगा।
इसी प्रकार संकुल केंद्र दतिमा 2 के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला कुमदा बस्ती में भी नवांकुर अध्ययन केंद्र की शुरुआत की गई है, जहाँ संकुल के अंतर्गत आने वाले सभी विद्यालयों के बच्चे निर्धारित समय सारणी के अनुसार ऑफलाइन पढ़ाई का लाभ उठा सकेंगे।
डिजिटल माध्यम से प्रतिदिन होगी तैयारी
विद्यार्थियों की निरंतरता बनाए रखने के लिए संकुल स्तरीय शिक्षक समूह द्वारा प्रतिदिन सभी संबंधित विद्यालयों को अध्ययन सामग्री की पी.डी.एफ. (PDF) उपलब्ध कराई जाएगी। सभी शालाओं में प्रतिदिन एक अलग कालखंड (Period) निर्धारित कर बच्चों को इस सामग्री के माध्यम से तैयारी कराई जाएगी।
विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की लगाई गई ड्यूटी
अध्ययन केंद्र में विषयवार मार्गदर्शन देने के लिए समर्पित शिक्षकों की तैनाती की गई है। इनमें सहायक शिक्षक राम किशोर सिंह, त्रिलोखन राजवाड़े, अजय पटनायक, सुरेश प्रजापति, अनिल यादव, शिक्षक मुस्ताक अली, नरेंद्र सिंह, आदित्य एवं प्रधान पाठक पनमेश्वर राजवाड़े शामिल हैं।
अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
शुभारंभ के अवसर पर संकुल प्राचार्य जयश्री विजय ने इस पहल को बच्चों के भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए सभी विद्यार्थियों को नियमित रूप से केंद्र में उपस्थित होकर पढ़ाई करने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षकों को नवाचारों का उपयोग करते हुए कक्षा संचालन करने तथा प्रतिदिन विद्यालयों में अलग से विशेष कक्षा आयोजित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति (SMC) के अध्यक्ष, संकुल समन्वयक अजय गोस्वामी तथा आजाद अंसारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

