बलरामपुर-रामानुजगंज : जिले में पुलिस और नवगठित ‘एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स’ (ANTF) को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ‘एंड टू एंड’ कार्रवाई करते हुए करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य का 1941.110 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे करीब 50 लाख रुपये मूल्य के एक 16-चक्का टाटा ट्रक को भी जब्त किया गया है। कुल मिलाकर पुलिस ने साढ़े दस करोड़ रुपये का मसरूका बरामद किया है।
इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के रहने वाले दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है, जिसमें इस तस्करी सिंडिकेट का मुख्य सरगना भी शामिल है।
उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था गांजा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सरगुजा आईजी दीपक कुमार (IPS) और बलरामपुर पुलिस अधीक्षक (SP) वैभव बैंकर (IPS) के कुशल मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग और एम.सी.पी. (चेकिंग) की कार्रवाई की जा रही थी।
इसी दौरान 11 जून 2026 की दरमियानी रात को बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सोनी को तकनीकी साक्ष्यों से सूचना मिली कि गांजा तस्करी का एक मुख्य आरोपी इलाके में किसी संदिग्ध गतिविधि को अंजाम देने की फिराक में है। रात करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच बसंतपुर थाने के पास एक संदिग्ध टाटा ट्रक (क्रमांक RJ 14 GU 9078) आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर रोका।
तलाशी में मिले 62 पैकेट
जब पुलिस ने ट्रक की विधिवत तलाशी ली, तो उसके भीतर छिपाकर रखे गए कुल 62 पैकेट बरामद हुए। प्रत्येक पैकेट का वजन करीब 30 किलोग्राम था। ट्रक से कुल 1941 किलो 110 ग्राम गांजा (अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 करोड़ रुपये) बरामद किया गया, जिसे उड़ीसा से छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपी
मौके से गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
लोकेश शर्मा (उम्र 46 वर्ष): पिता हरिश्चंद शर्मा, निवासी- जरोधापाड़ा, थाना बड़गांव, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)।
आमिष अंसारी (उम्र 23 वर्ष): पिता कल्लू अंसारी, निवासी- बड़ीकला, थाना छापर, जिला मुजफ्फरपुर (उत्तर प्रदेश)।
तस्करी सिंडिकेट का मुख्य सरगना है लोकेश शर्मा
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी लोकेश शर्मा इस पूरे गांजा तस्करी सिंडिकेट का मुख्य सरगना है, जो उड़ीसा से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश तक अवैध गांजे की सप्लाई करता था।
पुरानी वारदात से जुड़ा कनेक्शन:
इससे पहले 29 दिसंबर 2025 को भी बसंतपुर पुलिस ने एक ट्रक में नारियल की भूसी के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 1198.460 किलोग्राम गांजा जब्त किया था। लोकेश शर्मा उस मामले (अपराध क्रमांक 228/2025) का भी मुख्य आरोपी है और वह ट्रक भी इसी के नाम पर दर्ज था। वह लगातार पुलिस को चकमा देने का प्रयास कर रहा था, लेकिन इस बार पुलिस की सटीक मॉनिटरिंग के कारण वह जाल में फंस गया। वर्तमान में जब्त ट्रक भी उसी के नाम पर रजिस्टर्ड है।
पुलिस की कार्रवाई और टीम
बसंतपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 93/2026, धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने में बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सोनी, प्र.उनि मनीष साहू, सउनि धनसिंह सांडिल्य, प्र.आर. हरिप्रसाद, सायबर सेल के आरक्षक आकाश तिवारी, आरक्षक भूपेन्द्र मरावी, जनार्दन सिंह, धर्मेन्द्र यादव, रामसाय और अजय टोप्पो की सराहनीय भूमिका रही।
बलरामपुर पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई: 10 करोड़ रुपये का गांजा जब्त, यूपी के दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
Leave a comment
Leave a comment

