अम्बिकापुर (सरगुजा)। छत्तीसगढ़ की सरगुजा पुलिस ने अवैध ऑनलाइन सट्टे के विरुद्ध अपनी मुहिम तेज कर दी है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सट्टे के काले कारोबार में शामिल एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी मुजाहिद अली खान पर मुख्य सटोरियों को बैंक खाते और सिम कार्ड उपलब्ध कराने का आरोप है।
लाखों की रिश्वत और लग्जरी मोबाइल बरामद
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मुजाहिद अली खान (26 वर्ष), निवासी नावागढ़, शहीद अब्दुल हामिद वार्ड नम्बर 42, अम्बिकापुर ने पूर्व में गिरफ्तार मुख्य आरोपी आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा को अपने नाम पर सिम कार्ड और बैंक खाते खुलवाकर दिए थे। इन खातों का उपयोग सट्टे के करोड़ों रुपये के लेन-देन (Google Pay/PhonePe) के लिए किया जाता था।
इसके बदले मुजाहिद ने आरोपियों से लाखों रुपये वसूले थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध कमाई से खरीदे गए निम्नलिखित सामान जप्त किए हैं:
01 नग iPhone 16 Pro मोबाइल
01 नग Redmi कंपनी का मोबाइल
मामले की पृष्ठभूमि: पुणे से पकड़ा गया था मुख्य सरगना
इस पूरे गिरोह का भंडाफोड़ 13 जनवरी 2025 को हुआ था, जब कोतवाली पुलिस ने सरगुजा साइकिल स्टोर के सामने सुधीर गुप्ता के कमरे पर छापा मारा था। उस दौरान राहुल अग्रवाल, श्रीकांत अग्रवाल और राहुल कुमार सोनी को गिरफ्तार किया गया था। मौके से 234 एटीएम कार्ड, 77 सिम, 78 चेकबुक, 81 पासबुक और करीब 20 लाख रुपये की सामग्री बरामद हुई थी।
विवेचना के दौरान मुख्य फरार आरोपी आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा को पुणे (महाराष्ट्र) से ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया था। आयुष की निशानदेही पर ही अब मुजाहिद अली खान की गिरफ्तारी हुई है।
पुलिस टीम की तत्परता
इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, आरक्षक अमनपुरी, अशोक यादव और रमेश राजवाड़े की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस ने आरोपी मुजाहिद अली खान के विरुद्ध अपराध सबूत पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश अभी जारी है और जल्द ही कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
सरगुजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन सट्टा मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, आईफोन 16 प्रो और अन्य सामान जप्त
Leave a comment
Leave a comment

