विशेष संवादाता रिजवान खान
बलरामपुर : सामरी मार्ग अंतर्गत छंदों और सामरी रोड के बीच पड़ने वाले कंठी घाट में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। घाट क्षेत्र में अचानक एक अति विशालकाय पेड़ मुख्य सड़क पर गिर गया, जिससे मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। घटना के वक्त रास्ते से गुजर रहे कई वाहन बाल-बाल बचे, हालांकि पेड़ के बीचों-बीच गिरने से सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और घंटों आवागमन प्रभावित रहा।
साइकिल वितरण कार्यक्रम से लौट रही थी टीम
जानकारी के अनुसार, छंदों गांव में आयोजित एक साइकिल वितरण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अंकुश सिंह, थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह और विकास गुप्ता अपनी टीम के साथ वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनका काफिला कंठी घाट के समीप पहुँचा, सड़क पर गिरे विशाल पेड़ के कारण वे वहीं फंस गए। रास्ता पूरी तरह से बंद होने के कारण गाड़ियाँ आगे नहीं बढ़ सकीं।
वैकल्पिक मार्ग से सामरी पहुँचे अधिकारी
रास्ता पूरी तरह से जाम मिलने पर अंकुश सिंह, थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह और विकास गुप्ता को बीच रास्ते से ही वापस मुड़ना पड़ा। इसके बाद स्थिति की गंभीरता और समय की बचत को देखते हुए उन्होंने वैकल्पिक रास्ता चुना। पूरी टीम ने बलरामपुर मार्ग से घूमकर लंबा चक्कर काटा और सुरक्षित सामरी की ओर वापसी की।
पेड़ हटाने का कार्य जारी, स्थिति नियंत्रण में
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत टीम मौके पर पहुँची। सड़क के बीचों-बीच गिरे पेड़ की शाखाओं को काटकर रास्ता साफ करने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया। घटना की सामने आई तस्वीरों में स्पष्ट देखा जा सकता है कि पेड़ कितना विशाल था, जिसे हटाने में कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। प्रशासन द्वारा मार्ग को पूरी तरह सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

