बलरामपुर-रामानुजगंज : जिले के थाना राजपुर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रक्षाबंधन पर्व के दौरान हुए आपसी विवाद के बाद एक युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए राजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और घटना की सूचना मिलने के महज 2 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
रक्षाबंधन की खुशियों के बीच बढ़ा विवाद
दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, घटना 28 जून 2026 की है। प्रार्थी शिवकुमार काशी (पिता स्वर्गीय चरन काशी, निवासी बुढ़ाबगीचा, थाना राजपुर) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि राखी त्यौहार के अवसर पर उनके दामाद सुभाष और परिवार के अन्य रिश्तेदार (डेढ़ सास चमेली आदि) घर आए हुए थे।
इसी दौरान आरोपी रामेश्वर उर्फ कोचा (पिता गुर्जससाय उर्फ गोमा घांसी, उम्र 21 वर्ष, निवासी बुढ़ाबगीचा महुआपारा) वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद करने लगा। बात बढ़ने पर आरोपी ने पीड़ित सिद्धांत के साथ मारपीट और झगड़ा किया।
रास्ते में रोककर पेट्रोल छिड़का और लगा दी आग
विवाद के बाद सिद्धांत अपने भाई को घटना की जानकारी देने गया था। रात लगभग 8:15 बजे जब वह वापस लौट रहा था, तभी आरोपी रामेश्वर उर्फ कोचा ने उसे रास्ते में घेर लिया। आरोपी ने सिद्धांत के ऊपर पेट्रोल छिड़क दिया और लाइटर से आग लगा दी। आग की चपेट में आने से सिद्धांत गंभीर रूप से झुलस गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और साक्ष्य बरामदगी
घटना की सूचना मिलने पर थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 216/2026, धारा 109(1) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस टीम ने मामले में तेजी दिखाते हुए प्रार्थी व गवाहों के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से पेट्रोल लगी खाली बोतल और घटना में इस्तेमाल लाइटर विधिवत जप्त कर लिया गया।
पर पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 2 घंटे के भीतर आरोपी रामेश्वर उर्फ कोचा को हिरासत में ले लिया।
पीड़ित की स्थिति और आगे की कानूनी कार्यवाही
घटना में गंभीर रूप से झुलसे सिद्धांत को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला चिकित्सालय अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
थाना राजपुर पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की विवेचना जारी है।
बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पेट्रोल डालकर आग लगाने वाला आरोपी 2 घंटे में गिरफ्तार, जिला अस्पताल अंबिकापुर में पीड़ित का इलाज जारी
Leave a comment
Leave a comment

